नए साल के पहले रविवार को पिकनिक स्पॉट गुलजार
नये साल के पहले रविवार को सरायकेला, खरसावां, राजनगर, सीनी में सभी पिकनिक स्पॉट गुलजार रहे।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : नये साल के पहले रविवार को सरायकेला, खरसावां, राजनगर, सीनी एवं आसपास के पिकनिक स्थल गुलजार रहा। सैलानियों ने साल के पहले रविवार का स्वागत करते हुए जमकर पिकनिक का लुत्फ उठाया। विभिन्न पिकनिक स्पॉटों पर पिकनिक मनाने के लिए सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। नये साल के पहले रविवार को खरकई नदी तट के विभिन्न स्थलों पर पिकनिक मनाने वालों की भीड़ उमड़ी। सरायकेला के मुख्य पिकनिक स्थल मिरगी ¨चगड़ा में सबसे अधिक भीड़ रही। खरकई नदी के बीचों बीच इस रमणिक स्थल पर लोग सपरिवार पिकनिक मनाने पहुंचे थे। पिकनिक मनाने आए सपरिवार एवं युवा वर्ग सभी ने अपने-अपने तरीके से पिकनिक का लुत्फ उठाया। पिकनिक में बैंडबाजा और डीजे की धुन पर युवा पीढ़ी ने पिकनिक का भरपूर लुत्फ उठाया। यहां गीतों पर युवा थिरकते नजर आए। क्षेत्र के कई पिकनिक स्थलों पर दूरदराज तथा आसपास के सैलानी उमड़ पड़े। माजना घाट एवं तितिरबिला में भी खरकई नदी तट पर सैलानियों को पिकनिक मनाते देखा गया। इसके अलावे संजय नदी तट पर रामबाबा आश्रम, चमारु, डोंडा आदि जगहों पर लोगों ने पिकनिक मनाया। इसके अलावे राजनगर के भीमखांदा, ठाकुर माता, खरसावां के आकर्षणी दरबार, माता ठाकुराणी दरोह समेत दर्जनों पिकनिक स्थलों पर नव वर्ष के प्रथम रविवार को पिकनिक मनाने वाले सैलानियों की भीड़ देखी गई। नदी में भी लोगों ने स्नान कर जमकर मस्ती की। पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बलों की तैनाती थी।
सड़कें सुनसान और पिकनिक स्पॉट गुलजार
नए साल के पहले रविवार को सभी वर्ग के लोग मस्ती में डूबे रहे। मौसम ने भी पूरा साथ दिया। सुबह करीब नौ बजे धूप निकल आई। इसके बाद लोग घरों से निकले और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के लिए सामग्री खरीदी। सुबह करीब 11 बजे से ही पिकनिक स्पॉट गुलजार हो गए। शहर की सड़कों पर छिटपुट वाहन चले। शाम मे नगर के बाजार की रौनक लौटी।