नपं क्षेत्र में ढह गया कच्चा मकान
चक्रवात यास के प्रभाव से बुधवार की देर रात सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र स्थित वार्ड-9 में धोबासाई टोला निवासी नील माधव भोल का कच्चा मकान ढह गया। इस घटना के बाद नील माधव भोल व उनके परिवार ने पड़ोस में अपने रिश्तेदार के घर में शरण ली है..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : चक्रवात यास के प्रभाव से बुधवार की देर रात सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र स्थित वार्ड-9 में धोबासाई टोला निवासी नील माधव भोल का कच्चा मकान ढह गया। इस घटना के बाद नील माधव भोल व उनके परिवार ने पड़ोस में अपने रिश्तेदार के घर में शरण ली है। उन्होंने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान व सामान के लिए आर्थिक सहयोग करने की मांग की है। 34 घंटे गुल रही बिजली, अंधेरे में कई गांव : चक्रवात यास के कारण खरसावां-कुचाई क्षेत्र में लगभग 34 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप है। मंगलवार की रात बिजली गुल होने के बाद गुरुवार की सुबह कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति शुरू की गई। मंगलवार की रात तेज हवा के कारण मेन लाइन में फॉल्ट आ गया था। इस कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में मेन लाइन में आए फॉल्ट को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। खरसावां में ढह गए आधा दर्जन घर : चक्रवात के असर से खरसावां में लगभग आधा दर्जन मिट्टी के घर ढह गए। जानकारी के अनुसार दितसाही निवासी महेश दे के खपरैल मकान के साथ-साथ गोंदपुर के धोंधो मांझी, रामगढ़ के मुची विषेय, मांगुर हेंब्रम, मंगल सोरेन व संजय सोरेन के मिट्टी के घर भी ध्वस्त हो गए। इसके अलावा भी कई घरों को नुकसान पहुंचा है। पीड़ितों ने खरसावां सीओ मुकेश मछुआ से मुआवजे की मांग की है। सरायकेला-खरसावां जिले में मिले 19 कोरोना पाजिटिव : गुरुवार को जिले में 414 सैंपल की जांच की गई, जिसमें 19 नए कोरोना संक्रमित मिले। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6893 हो गई है। अब तक 6404 लोग कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। सीएस हिमांशु भूषण बरवार ने बताया कि कोरोना संक्रमण से अब तक 66 लोगों की जान जा चुकी है। वर्तमान में 422 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है। गुरुवार को कोरोना संक्रमण से 34 मरीज स्वस्थ हुए।