Move to Jagran APP

प्रेम प्रसंग में घर बुलाकर लड़की की हत्या, लड़का बता रहा यह दास्तां

love affair. झारखंड के सरायकेला में प्रसंग में लड़की की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

By Edited By: Published: Tue, 22 Jan 2019 06:33 PM (IST)Updated: Wed, 23 Jan 2019 03:00 PM (IST)
प्रेम प्रसंग में घर बुलाकर लड़की की हत्या, लड़का बता रहा यह दास्तां
प्रेम प्रसंग में घर बुलाकर लड़की की हत्या, लड़का बता रहा यह दास्तां

जागरण संवाददाता, सरायकेला। सरायकेला थाना के जोरडीहा गांव में प्रेम प्रसंग में एक लड़के ने नाबालिग लड़की को अपने घर में बुलाकर हत्या कर दी। लड़की के परिजन हत्या बता रहे हैं, जबकि लड़के के परिजन आत्महत्या बता रहे हैं। लड़की की बड़ी बहन ने सरायकेला थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले को सुलझाने में जुटी है।

loksabha election banner

सरायकेला थाना के मुड़कुम पंचायत के जोरडीहा गांव के सरगीडीह टोला की लड़की सोमवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर से निकली। जब तीन-चार घंटे तक लड़की घर वापस नहीं लौटी तो परिजन उसकी खोजबीन शुरू की। शाम में गांव के ही एक लड़के ने लड़की की बड़ी बहन को मोबाइल पर बताया कि लड़की ने उसके घर में आकर आत्महत्या कर ली है। परिजन दौड़े-दौड़े लड़के के घर पहुंचे। वहां देखा कि लड़की फर्श पर पड़ी थी। अगल-बगल पानी गिरा था। रात करीब दस बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला लाई। पुलिस मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

लड़के को गिरफ्तार कर भेजा गया सुधार गृह
लड़की की बड़ी बहन का कहना है कि लड़के ने मोबाइल पर फंदे से लटकने की बात बताई थी, जबकि वे लोग जब वहां पहुंचे तो देखा कि लड़की फर्श पर पड़ी थी। बहन की हत्या की गई है। पुलिस ने मृतका की बड़ी बहन के बयान पर मामला दर्ज कर लड़के को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। मृतका की बड़ी बहन ने बताया कि लड़के के परिवार से उनके परिवार का झगड़ा चल रहा था। लड़के की बड़ी मां ने एक माह पहले जान मारने की धमकी दी थी। लड़का ने उसकी बहन को घर में बुलाकर हत्या कर दी है।

लड़का बता रहा यह दास्तां
आरोपित लड़के का कहना है कि वह लड़की से प्रेम करता था। प्रेम प्रसंग छह माह पहले शुरू हुआ था। लड़की के परिजनों को प्रेम प्रसंग की बात का पता चला तो दोनों के परिवारों की बीच झगड़ा हुआ था। उसके बाद दोनों ने मिलना-जुलना बंद कर दिया था। इधर, दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ने लगे तो फिर से बातचीत शुरू हुई। सोमवार को लड़की ने मोबाइल पर कॉल कर उसे बुलाया। उसने पांच बजे आने की बात कही। इस बीच, लड़की उसके घर आ गई और एक कमरे में फंदे से लटक गई। जब उसने देखा तो फंदे से नीचे उतारा और लड़की को जमीन पर लिटाया। इसके बाद उसने लड़की की बड़ी बहन को सूचना दी।

लड़का-लड़की दसवीं के छात्र
लड़का और लड़की दोनों दसवीं कक्षा के छात्र हैं। फरवरी में उनकी मैट्रिक की परीक्षा है। लड़का स्थानीय नृपराज राजकीय प्लस टू का छात्र है, जबकि लड़की केवीपीएसडी बालिका उच्च विद्यालय की छात्रा थी। दोनों मैट्रिक परीक्षा की तैयारी को लेकर सरायकेला के एक ही कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढ़ते थे। इसी बीच, लड़की की मौत हो गई। लड़के को रिमांड होम जाने से दोनों परीक्षा से वंचित रह गए।

प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है। पुलिस हत्या एवं आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा होगा। फिलहाल आरोपित लड़के को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
-दिलकेश्वर शर्मा, प्रभारी थाना प्रभारी, सरायकेला।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.