वार्ड 29 पर ज्यादा ध्यान, बाकी परेशान
संसू आदित्यपुर आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 29 की पार्षद राजमणि देवी के निधन के बाद यह
संसू, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 29 की पार्षद राजमणि देवी के निधन के बाद यहां उपचुनाव होना निश्चित है। इस सीट के लिए मेयर ने अपने पुत्र अभिषेक श्रीवास्तव तथा राजमणि देवी के पुत्र मनमोहन सिंह ने अपनी दावेदारी की घोषणा करने के बाद चुनावी जमीन तैयार करने में हर संभव प्रयास करने में जुटे हैं। सूत्रों की माने तो मनमोहन सिंह को उपमेयर अमित सिंह का समर्थन मिल रहा है। यही कारण है कि लॉकडाउन अवधि में मेयर व उपमेयर का सारा ध्यान इसी क्षेत्र पर केंद्रित रहा। हालांकि उनलोगों ने अन्य वार्डो में काम तो किया लेकिन जनता की भरपूर सहायता नहीं कर सके। इसकी शिकायत हर वार्ड के लोग कर रहे हैं, तो कई वार्ड पार्षद खुलकर सामने भी आए हैं। बता दें, लॉकडाउन अवधि में मेयर ने वार्ड संख्या 29 में राशन के लिए जरूरतमंदों के बीच 11 सौ, चार सौ व दो सौ रुपये के कूपन बांटे थे। इसके अलावा मेयर ने आरआइटी थाना के माध्यम से हर दिन पांच सौ लोगों के बीच मोदी आहार के पैकेट बांटे। 20 मार्च से 17 अप्रैल तक करीब दस हजार लोगों को भोजन कराया। 22 अप्रैल से 11 मई तक पांच सौ लोगों के राशन कार्ड बनवाने के साथ राशन भी उपलब्ध कराया। इसके अलावा 20 अप्रैल को शंकराचार्य दिवस पर 11 पुजारियों को राशन, नाई समाज के 54 लोगों को राशन किट तथा 35 विधवाओं व सात दिव्यांगों के बीच राशन किट का वितरण किया। इसके अलावा उपमेयर अमित सिंह ने भी वार्ड संख्या 29 में ही राशन बांटा। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने इसी वार्ड में टैंकर से पानी आपूर्ति शुरू कराया है। जबकि आदित्यपुर निगम क्षेत्र के कई वार्ड में पानी की घनघोर किल्लत हैं।