Saraikela: घर के आंगन में खेल रहे 2 बच्चों पर गिरी कड़कड़ाती बिजली, 8 वर्षीय बालक की मौत, दूसरा गंभीर
Saraikela Lightning खरसावां थाने के आमदा ओपी क्षेत्र के छोटा सरगीडीह गांव में मंगलवार को देर शाम वज्रपात की चपेट में आने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि दूसरा बच्चा झुलस गया। दोनों अपने घर के आंगन में खेल रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया।
जागरण संवाददाता, खरसावां। झारखंड के खरसावां थाने के आमदा ओपी क्षेत्र के छोटा सरगीडीह गांव में मंगलवार को देर शाम वज्रपात की चपेट में आने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा झुलस गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम छोटा सरगीडीह गांव में घर के आंगन में गोलमई गागराई (8) व सावन गागराई ( 17 ) के साथ खेल रहे थे।
इस दौरान अचानक से पेड़ पर वज्रपात हुआ और इसकी चपेट में आने से गोलमई गागराई व सावन गागराई मूर्छित हो गए।
सदर अस्पताल सरायकेला किया रेफर
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल दोनों को बेसुध अवस्था में पहले खरसावां के एक अस्पताल पहुंचाया। यहां से चिकित्सकों द्वारा रेफर किए जाने बाद दोनों को सरायकेला के सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
जांच के दौरान चिकित्सकों ने गोलमई गागराई को मृत घोषित कर दिया। वहीं सरायकेला के सदर अस्पताल में सावन गागराई का इलाज किया जा रहा है।
दोनों की पहचान
गोलमाइ गगराई राजनगर थाना क्षेत्र के गोलाई गांव का रहने वाला था, जबकि सावन गगराई खरसावां के छोटा सारागीडीह गांव का है। सावन गागराई का पूरा शरीर झुलस गया है।
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मामले की जानकारी स्थानीय थाना व प्रशासन को दे दी गई है।
बिजली गिरने से मृत गोलमई गागराई के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। जानकारी के अनुसार राजनगर के गांव गोलेया गांव गोलमई गागराई अपने किसी रिश्तेदार के घर छोटा सरगीडीह आया था।