नए मोटर अधिनियम का झाविमो ने किया विरोध
झारखंड विकास मोर्चा ने नए मोटर वाहन अधिनयम का जोरदार विरोध किया। विरोध में पदयात्रा निकाल नियम में बदलाव लाने की मांग की।
जागरण संवाददाता, सरायकेला: झारखंड विकास मोर्चा के जिलाध्यक्ष शंभू मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नए मोटर वाहन कानून के विरोध में गम्हरिया के लाल बिल्डिग से दुर्गा पूजा मैदान तक पदयात्रा की। झाविमो कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कानून वापस लेने की मांग कर रहे थे। इस मौके पर झाविमो जिलाध्यक्ष शंभू मंडल ने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए ऐसा कानून से आम जनता परेशान हैं। झाविमो इसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने के लिए कानून बनना चाहिए, परंतु ऐसा कानून नहीं बनना चाहिए जिससे राज्य एवं पूरे देश की जनता परेशान हो। मंडल ने कहा कि यातायात नियमों को सख्ती से पालन करने के लिए कानून बनाने के पहले सड़क की समस्याओं का समाधान करें। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करें और कानून व नियमों का हो रहे गलत इस्तेमाल को रोके। यातायात को सुगम बनाने के लिए सड़क की स्थिति में भी सुधार की जरूरत है। विरोध पदयात्रा में राम होनहागा, शिवराम बास्के, मुकेश श्रीवास्तव, सूरज महतो, मोतिउर्रहमान, संतोष पांडेय, नाजीर मुंडा, पांडुराम दिग्गी, संजीव महतो, कालीपद सरदार, करम चांद सोरेन, राजू लोहार, मनसा टुडू, विनोद मंडल, पागा सरदार, विजय टुडू व सुबेश हांसदा आदि शामिल थे।