राज्य सरकार सिर्फ जुमले की सरकार : चंपई सोरेन
जागरण संवाददाता, सरायकेला : प्रखंड के दोलानडीह गांव में हो सरना समिति द्वारा जमसुयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : प्रखंड के दोलानडीह गांव में हो सरना समिति द्वारा जमसुयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सरायकेला विधायक चंपई ने कहा कि भाषा संस्कृति ही हमारी पहचान है। इससे बचाये रखना हम सभी का दायित्व है। इसकी रक्षा के लिए हमें एकजुट होना होगा। तभी हमारी भाषा संस्कृति व पहचान बनी रह सकेगी। 2019 में राज्य में झामुमो की सरकार बनी तो भाषा को सम्मान देते हुए हो भाषा को संविधान के आठवीं अनुसूची में शामिल करने की पहल की जाएगी। भाषा संरक्षण के लिए हो भाषा को सरकार अविलंब शामिल करें। उन्होंने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों की पहचान को खत्म करना चाहती है। कभी स्थानीय नीति तो कभी सीएनटी एसपीटी के नाम पर इसके अस्तित्व को खत्म करने का प्रयास कर रही है। राज्य सरकार सिर्फ मूर्ख बना रही है। सरकार का एक भी काम धरातल पर नहीं दिख रहा है। भाजपा की राज्य सरकार सिर्फ जुमले की सरकार है। रघुवर सरकार जब से बनी है तब से आदिवासी व मूलवासियों का खून चूस रही है। इस सरकार में बाहरियों की बल्ले बल्ले है। राज्य में कार्यक्रम को सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने समाज की एकजुटता पर बल दिया। कार्यक्रम के पश्चात खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मौके पर मुखिया वीरेंद्र केराई, झामुमों के प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, सहजाद आलम, लिपु मोहंती के अलावे हो समाज के काफी संख्या में महिला व पुरुष उपस्थित थे।