सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए ब्लैक स्पॉट्स पर लगेंगे CCTV और लाइटें, सरायकेला में बोले परिवहन मंत्री
परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने सरायकेला में सड़क सुरक्षा को साझा जिम्मेदारी बताते हुए ट्रैफिक नियमों के कड़ाई से पालन ...और पढ़ें

झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने गुरुवार को सरायकेला परिसदन में कहा कि हादसों को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा के प्रति आम और खास सभी को सजग रहना होगा।
HighLights
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे और हाई-मास्ट लाइटें लगेंगी।
जेआरडीसीएल को कांड्रा-सरायकेला सड़क की तुरंत मरम्मत करनी होगी।
जासं, सरायकेला। सड़क सुरक्षा किसी एक तंत्र या सरकार की अकेले जिम्मेवारी नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता, पुलिस-प्रशासन और औद्योगिक कंपनियों की भी बराबर की सहभागिता आवश्यक है।
हादसों को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा के प्रति आम और खास सभी को सजग रहना होगा। यह बातें झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने गुरुवार को सरायकेला परिसदन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहीं।
हादसों के लिए दोनों पक्ष जिम्मेवार, नियम पालन ही समाधान
परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं के लिए केवल एक पक्ष को दोषी नहीं ठहराया जा सकता, इसमें दोनों पक्षों की लापरवाही शामिल होती है।
ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन ही हादसों में कमी ला सकता है। उन्होंने जिला व पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़कों के किनारे अनधिकृत रूप से वाहनों को खड़ा न होने दिया जाए।
जहां वाहन खड़े हों, वहां इंडिकेटर और पार्किंग लाइट जलती रहनी चाहिए और समुचित रोशनी का प्रबंध होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मनमानी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही औद्योगिक प्लांट मालिकों को ट्रकों के लिए चिन्हित स्थानों पर पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जेआरडीसीएल टोल टैक्स लेता है तो सड़क भी सुधारे
कांड्रा-सरायकेला और चौका मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए मंत्री ने कहा कि जेआरडीसीएल (JRDCL) को तुरंत सड़क मरम्मत करानी चाहिए।
जब आम लोग टोल टैक्स दे रहे हैं, तो उन्हें बेहतर सड़क मिलना उनका अधिकार है। कंपनी के बकाए से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि केवल कंपनी के दावों से काम नहीं चलेगा।
वहीं, शहरों में नो-इंट्री व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि नो-इंट्री हादसों का स्थायी समाधान नहीं है। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और नो-इंट्री खुलने के बाद यातायात नियंत्रित करना अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में लगेंगे CCTV और लाइटें
मंत्री दीपक बिरुआ ने बताया कि जिले के अधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां CCTV कैमरे और हाई-मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि हादसे केवल तेज रफ्तार या शराब पीकर गाड़ी चलाने से ही नहीं, बल्कि खराब सड़कों के कारण भी होते हैं। इससे पूर्व, परिवहन मंत्री ने परिसदन में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात कर प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की।
इसके बाद झामुमो जिलाध्यक्ष शुभेंदु महतो, मनोज चौधरी, अविनाश कवि, भोला महंती समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूती प्रदान करने पर विचार-विमर्श किया।
