यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Hemant Soren: 'बंटी-बबली की सरकार 23 नवंबर को फिर होगी सुपर हिट', भाजपा के वार पर हेमंत सोरेन का पलटवार
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरायकेला-खरसावां जिले की ईचागढ़ सीट से आइएनडीआइ गठबंधन की प्रत्याशी सविता महतो के नामांकन ...और पढ़ें

HighLights
- ईचागढ़ में झामुमो प्रत्याशी सविता महतो के नामांकन में शामिल हुए मुख्यमंत्री
- कहा- सरकार बनी तो वृद्धों एवं विधवाओं के घर तक पहुंचेगी पेंशन की राशि
संवाद सूत्र, नीमडीह (सरायकेला खरसावां)। सरायकेला-खरसावां जिले की ईचागढ़ सीट से आइएनडीआइ गठबंधन की प्रत्याशी सविता महतो के नामांकन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चांडिल पहुंचे। यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष के तंज का भी जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी कह रहे हैं कि झारखंड में बबली-बंटी की सरकार है। उन्हें मालूम होना चाहिए बंटी बबली सुपरहिट फिल्म है और झारखंड की जनता 23 नवंबर को फिर सुपरहिट करेगी।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में झारखंड से भाजपा का सफाया हो जाएगा। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए हेमंत ने कहा कि केंद्र सरकार कोयला रायल्टी मद के झारखंड के एक लाख 36 हजार करोड़ बकाया का भुगतान कर देगी तो झारखंड से गरीबी मिट जाएगी। इसके लिए हम राजनीतिक एवं कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
वृद्धों एवं विधवाओं के घर तक पहुंचाएंगे पेंशन
हेमंत ने कहा कि इस बार हमारी सरकार बनी तो राज्य में वृद्धों एवं विधवाओं के घर तक पेंशन की राशि पहुंचाएंगे। हमारे विपक्षी पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण से आएंगे। आसमान से भी उतरेंगे और सविता महतो को पराजित करने का प्रयास करेंगे, लेकिन गुरुजी शिबू सोरेन के आशीर्वाद के साथ झामुमो के तमाम साथी सविता महतो के साथ हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी ने सोचा था कि हम सरकार नहीं चला पाएंगे, लेकिन हमने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया, जिसे देखकर भाजपा और आजसू सहम गए हैं।
झूठे प्रलोभन दे रहे भाजपा-आजसू
हेमंत ने कहा कि 13 नवंबर तक भाजपा-आजसू झूठे प्रलोभन देकर छलने का काम करेगी। आप सभी को सजग रहने की आवश्यकता है। यहां की खनिज संपद पर दर्जनों मुख्यमंत्री की गिद्ध नजर है, इसलिए झारखंडियों का अधिकार छीनने वे आ रहे हैं। हमारे झारखंडी जनता यहां के मूल्यवान संपदा को छीनने नहीं देंगे।
हेमंत ने कहा कि कोरोना महामारी से हमने एक भी व्यक्ति को भूख से मरने नहीं दिया। अलग अलग राज्यों में जाकर रोजगार करने वाले हमारे मजदूर भाइयों को हवाई जहाज से लाया गया जो पूरे देश के लिए मिसाल है।
