15 तक स्थायीकरण व वेतनमान पर निर्णय नहीं लिया गया तो पारा शिक्षक करेंगे आंदोलन
शनिवार को बालक मध्य विद्यालय में एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा की प्रखंड कमेटी की बैठक हुई। मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष जयराज दास ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार चुनाव के दौरान किए वादे से मुकर रही है..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : शनिवार को बालक मध्य विद्यालय में एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा की प्रखंड कमेटी की बैठक हुई। मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष जयराज दास ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार चुनाव के दौरान किए वादे से मुकर रही है। शासन के एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पारा शिक्षकों के स्थायीकरण व वेतनमान का मुद्दा यथावत बना हुआ है। वर्तमान सरकार के सभी घटक दलों ने सरकार बनने के तीन माह के अंदर पारा शिक्षकों को स्थायी कर वेतनमान देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि प्रखंड के सभी पारा शिक्षक अपने हक की लड़ाई के लिए प्रदेश व जिला मोर्चा के निर्देश के साथ हैं। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 15 अगस्त तक पारा शिक्षकों के स्थायीकरण व वेतनमान पर सरकार निर्णय नहीं लेगी तो प्रखंड के समस्त पारा शिक्षक आंदोलन में शामिल होंगे। बैठक में मोर्चा के कोल्हान प्रमंडल के अध्यक्ष संजय मिश्रा समेत प्रखंड उपाध्यक्ष सनत कुमार दास, सुरेश महतो, प्रकाश चंद्र महतो, रयबु नाथ, शिव शंकर सुरेन, पद्मिनी आचार्य व शैलेश महतो उपस्थित थे। कांड्रा पंचायत में 336 लोगों को दी गई वैक्सीन : कांड्रा पंचायत में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 336 लोगों को कोविड-19 का वैक्सीन दिया गया। इस क्रम में 275 लोगों को कोविशील्ड का पहला डोज व 21 लोगों को दूसरा डोज दिया गया। इसी प्रकार, 40 लोगों को कोवैक्सीन का दूसरा डोज दिया गया। मुखिया शंकरी सिंह व उप मुखिया सुबोध सिंह ने कहा कि अफवाहों से लोग दूर रहें। कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। मौके पर उप मुखिया सुबोध सिंह, वीएलडब्ल्यू प्रशांत दा, प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक कनीय अभियंता आशुतोष उपाध्याय, जेएसएलपीएस कर्मी सुनीता प्रामाणिक, अनीता महतो, सुभद्रा दास, राधिका महतो, प्रतिमा देवी, सोमा घोषाल, अर्चना महतो, राजीव महतो व जल सहिया सरस्वती महतो उपस्थित थे।