रेलवे फाटक पर फंसा भारी वाहन, बाधित हुआ ट्रेनों का परिचालन
खरसावां-सरायकेला मुख्य मार्ग पर बुरुडीह रेलवे फाटक स्थित थर्ड लाइन पर एक बल्कर वाहन (भारी वाहन) फंस जाने से आवागमन प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम लगभग 7 बजे बल्कर वाहन जमशेदपुर से क्लींकर (सीमेंट डस्ट) लेकर खरसावां की ओर जा रहा था।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : खरसावां-सरायकेला मुख्य मार्ग पर बुरुडीह रेलवे फाटक स्थित थर्ड लाइन पर एक बल्कर वाहन (भारी वाहन) फंस जाने से आवागमन प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर शाम लगभग 7 बजे बल्कर वाहन जमशेदपुर से क्लींकर (सीमेंट डस्ट) लेकर खरसावां की ओर जा रहा था। इस दौरान बल्कर वाहन रेलवे फाटक से थर्ड लाइन पर प्रवेश करने लगा और गेट कीपर फाटक को बंद करने लगा। इस कारण रेलवे फाटक के गेट का बल्ला वाहन में फंस गया। बिजली के तार से बल्ला का संपर्क होने के बाद शाट सर्किट हो गई। हालांकि रेलवे गेट कीपर ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बिजली कटवाया। रेलवे ट्रैक पर बल्कर वाहन के फंसने से राजखरसावां-माहलीमुरुप रेलवे स्टेशन के बीच थर्ड लाइन पर ट्रेनों का परिचालन घंटों प्रभावित हुआ। बुरुडीह फाटक जाम होने से ठप हुआ आवागमन, वाहनों की लगी लंबी कतार : बुरुडीह रेलवे फाटक पर बल्कर वाहन फंसने के कारण सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन बाधित हुआ। इस घटना के बाद बल्कर वाहन का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बुरुडीह फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस घटना की जानकारी मिलने पर खरसावां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस रेलवे फाटक पर फंसे बल्कर वाहन को हटाने की तैयारी में जुट गई। समाचार लिखे जाने तक थर्ड लाइन पर बल्कर वाहन फंसा रहा। खरसावां-सीनी मार्ग पर सड़क दुर्घटना में दो घायल : गुरुवार की देर शाम खरसावां-सीनी मार्ग पर रायडीह पुलिया के समीप बाइक से गिरकर दो युवक घायल हो गए। फिलहाल खरसावां सीएचसी में घायलों का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, संतारी गांव के महेश्वर महतो व शंभू सिंह महतो बाइक से संतारी गांव से घोड़ा चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान बाइक अनियंत्रित हो जाने से वे दुर्घटनाग्रस्त हो गए। झामुमो के संगठन सचिव विभीषण सरदार का निधन, विधायक ने दी श्रद्धांजलि : मंगलवार की रात खेजुरदा गांव स्थित आवास पर झामुमो के खरसावां प्रखंड के संगठन सचिव विभीषण सरदार (45) का आकस्मिक निधन हो गया। सूचना मिलने पर खरसावां विधायक दशरथ गागराई बुधवार की सुबह खेजुरदा पहुंचे और विभीषण सरदार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि विभीषण पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे। पार्टी के सच्चे सिपाही होने के साथ-साथ वे सामाजिक कार्यकर्ता भी थे। जन समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने हमेशा मुखर होकर कार्य किया। इसके बाद वे अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए और उनके स्वजनों का ढाढस बंधाया। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई हैं। मौके पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, मुकुंद सिंहदेव, अनूप सिंहदेव, अरुण जामुदा, कालीचरण बानरा समेत झामुमो के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।