विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरायकेला के होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामारी, फफूंद लगे 30 KG बूंदी लड्डू किए नष्ट

Published: Tue, 01 Sep 2026 07:03 PM (IST)Updated: Tue, 01 Sep 2026 08:25 PM (IST)

खाद्य सुरक्षा विभाग ने गम्हरिया के अजीत होटल पर छापा मारा, जहां 30 किलो फफूंदयुक्त बूंदी के लड्डू नष्ट किए ...और पढ़ें

गम्‍हरिया के एक होटल में जांच के दौरान करीब 30 किलोग्राम बूंदी के लड्डू फफूंदयुक्त पाए गए।

गम्‍हरिया के एक होटल में जांच के दौरान करीब 30 किलोग्राम बूंदी के लड्डू फफूंदयुक्त पाए गए।

HighLights

  1. 30 किलो फफूंदयुक्त बूंदी के लड्डू मौके पर नष्ट।

  2. स्वच्छता और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस में कमी पाई गई।

जासं, सरायकेला। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गम्हरिया क्षेत्र स्थित अजीत होटल में छापेमारी की। जांच के दौरान होटल में करीब 30 किलोग्राम बूंदी के लड्डू फफूंदयुक्त पाए गए। 
 
खाद्य सुरक्षा के मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर इन लड्डुओं को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
 
छापेमारी के दौरान विभागीय अधिकारियों ने होटल में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्वच्छता और सैनिटाइजेशन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जांच में प्रतिष्ठान में साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था में कमी पाई गई। 
 
इसके अलावा होटल में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए। विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए होटल संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है। 
 
नोटिस के माध्यम से निर्धारित समयावधि के भीतर सभी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया है। संचालक को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। 
 
साथ ही, भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति नहीं होने की सख्त चेतावनी दी गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया है।
 
विभाग ने कहा है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित रूप से साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
 
इसके साथ ही खाद्य कारोबार से जुड़े संचालकों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
 
विभाग के अनुसार, खाद्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मियों के आवश्यक मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी अद्यतन और उपलब्ध होने चाहिए। 
 
खाद्य पदार्थों के भंडारण और रखरखाव में निर्धारित मानकों का पालन करना भी अनिवार्य है, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
 

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता और अस्वच्छ परिस्थितियों पर रोक लगाना है।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।