तीन सड़क दुर्घटनाओं में पांच घायल, चार गंभीर
-- गंभीर रूप से घायल चार एमजीएम रेफर जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले
-- गंभीर रूप से घायल चार एमजीएम रेफर
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में अलग-अलग हुई दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। इसमें चार लोग गंभीर हैं। उनका प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर एमजीएम भेज दिया गया है। सरायकेला कांड्रा मुख्य मार्ग व सरायकेला चाईबासा मुख्य मार्ग पर जिला मुख्यालय से पांच किमी की परिधि में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार को सरायकेला में अलग-अलग तीन सड़क दुर्घटनाएं हुई।
पहली दुर्घटना सरायकेला कांड्रा मार्ग पर बड़ाकांकड़ा मोड़ पर हुई। यहां मुड़िया के मो. इजाद व मो. अनीस किसी काम से सरायकेला आ रहे थे। इस बीच बड़ाकांकड़ा मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सीकेसी की एंबुलेंस द्वारा दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।
दूसरी दुर्घटना सरायकेला चाईबासा मार्ग पर दोपहर दो बजे के करीब कुदरसाई के निकट हुई। एक इंडिका कार ने पीछे से बाइक को ठोक दिया। जिसमें बाइक पर सवार चाईबासा के तांबो निवासी मिथुन देवगम व टेंटोपोशी के अजीत देवगम घायल हो गए। दोनों बाइक से चाईबासा से सरायकेला आ रहे थे। कुदरसाई के निकट पहुंचते ही हादसा हो गया। घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। बाइक चालक मिथुन देवगम की गर्दन, जबकि अजीत देवगम को गंभीर चोट आई है। दोनों को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर एमजीएम रेफर कर दिया गया।
तीसरी दुर्घटना सरायकेला कांड्रा मार्ग पर दोपहर साढ़े तीन बजे की है। जिसमें राहगीर को बचाने के क्रम में बाइक चालक घायल हो गया। सीनी बड्डी के ऋषिकेश महतो गम्हरिया से अपने घर बड़्डी आ रहे थे। इस बीच दुगनी के निकट सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने के क्रम में बाइक स्किट कर गई। उनका भी इलाज सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
------