उत्क्रमित उच्च विद्यालय अरुवां के बच्चों को पढ़ाया जा रहा पंचायत भवन में
जिले के आदर्श विद्यालयों में से एक कुचाई प्रखंड के अरुवां पंचायत के फाइव स्टार उत्क्रमित उच्च विद्यालय को क्वारंटाइन सेंटर बनाए जाने के बाद शिक्षकों द्वारा वैकल्पिक तरीके से छात्रों तक शिक्षा पहुंचाई जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : जिले के आदर्श विद्यालयों में से एक कुचाई प्रखंड के अरुवां पंचायत के फाइव स्टार उत्क्रमित उच्च विद्यालय को क्वारंटाइन सेंटर बनाए जाने के बाद शिक्षकों द्वारा वैकल्पिक तरीके से छात्रों तक शिक्षा पहुंचाई जा रही हैं। वर्तमान में रेड एवं ऑरेंज जोन से आए मजदूरों को अरुवां उत्क्रमित उच्च विद्यालय में ठहराया गया है। जिसके कारण विद्यालय में प्रवेश की अनुमति किसी को नहीं है। इस विद्यालय में छात्र संख्या भी बहुत अधिक है जो लगभग 30-35 विभिन्न गांव से आते हैं। बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शिक्षक बच्चों को विभिन्न माध्यम से शिक्षा दे रहे हैं। यहां के मुखिया एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बच्चों को ग्राम पंचायत भवन, गांव के चौपाल आदि सार्वजनिक स्थानों पर सामाजिक दूरी का अनुपालन करते हुए मास्क का उपयोग कर बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। यहां तरुण कुमार सिंह, किशुन मुर्मू, दीनबंधु सिंह पात्र, मनोज बोयपाई आदि द्वारा अंग्रेजी, हिदी, सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों की जानकारी दी जा रही है।