धान अधिप्राप्ति में लाएं तेजी: उपायुक्त
जिला समाहरणालय में गुरुवार को उपायुक्त छवि रंजन की अध्यक्षता में धान अधिप्राप्ति के लिए अधिकारियों की बैठक हुई।
संवाद सूत्र, सरायकेला : जिला समाहरणालय में गुरुवार को उपायुक्त छवि रंजन की अध्यक्षता में धान अधिप्राप्ति की प्रगति को लेकर पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अबतक धान अधिप्राप्ति की अद्यतन स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने समीक्षा के क्रम जिले के सभी धान अधिप्राप्ति केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों को एसएमएस भेजें। स्वयं किसानों के पास जाकर उन्हें अधिप्राप्ति केंद्र में ही धान बेचने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने धान अधिप्राप्ति केंद्र के प्रभारियों को छूटे किसानों का निबंधन कराने का निर्देश देते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी को धान अधिप्राप्ति एजेंसी का एकरारनामा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई राइस मिल धान मि¨लग कार्य में रुचि नहीं लेता हो तो सीएमआर कंट्रोल ऑर्डर के तहत राइस मिल पर कार्रवाई की जाएगी। जिला आपूर्ति पदाधिकारी बाल किशोर महतो ने बताया कि जिले में चांडिल लैंपस, गम्हरिया के जसपुर लैंपस, खरसावां लैंपस, कुचाई लैंपस, नीमडीह लैंपस, राजनगर लैंपस, सामुदायिक भवन कुकड़ु, सरायकेला के सीनी लैंपस एवं ईचागढ़ के सीतू लैम्पस समेत नौ धान अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं। यहां निबंधित किसानों से धान क्रय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 4877 किसानों से 234727.46 क्विंटल धान क्रय का लक्ष्य है। 2972 किसानों को एसएमएस किया गया है। इनमें से अब तक नौ किसानों ने कुल 328.76 क्विंटल धान अधिप्राप्ति केंद्र में लाकर बेचा है। डीएसओ ने बताया कि चांडिल लैंपस में दो किसानों से 41.10 क्विंटल, खरसावां लैंपस में दो किसानों से 108.50 क्विंटल, राजनगर लैंपस में तीन किसानों से 150.05 क्विंटल एवं सरायकेला के सीनी लैंपस में दो किसानों से 31.11 क्विंटल धान क्रय किया गया है। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी विजय कुजूर, जिला सहकारिता पदाधिकारी तथा जिले के सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं धान अधिप्राप्ति केंद्र प्रभारी उपस्थित थे।