पीडीएस दुकान का लाइसेंस रद करने की मांग
कुचाई प्रखंड स्थित बांधडीह मां दुर्गा महिला समिति की सदस्यों ने अपनी ही समिति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार की समिति की सदस्यों ने समिति की ओर से संचालित जन वितरण प्रणाली की दुकान में धांधली व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : कुचाई प्रखंड स्थित बांधडीह मां दुर्गा महिला समिति की सदस्यों ने अपनी ही समिति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार की समिति की सदस्यों ने समिति की ओर से संचालित जन वितरण प्रणाली की दुकान में धांधली व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। समिति की सदस्य अंबिका मुंडाईन, बुधनी देवी, चांदमनी देवी, सुभद्रा देवी व सचिव शुरूबाला देवी ने बताया कि समिति के नाम पर गांव में जन वितरण प्रणाली की दुकान है, जिसमें समिति की कुल 10 सदस्य शामिल हैं। समिति की अध्यक्ष शोभारानी मुंडाईन व सदस्य पार्वती मुंडा मनमाने तरीके से राशन दुकान का संचालन कर रही हैं। राशन बांटने की सूचना भी दोनों सदस्यों को नहीं दी जाती। प्रत्येक माह कार्डधारियों को चार से पांच किलोग्राम कम अनाज दिया जाता है। कार्डधारियों ने इस संबंध में कई बार शिकायत की है। सिर्फ यही नहीं समिति की सदस्यों को भी राशन घटाकर दिया जाता है। शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। समिति की सदस्यों ने बताया कि कल सालों से बैठक नहीं होने के कारण बुधवार को समिति भंग कर दी गई है। उन्होंने उपायुक्त से मांग करते हुए कहा कि समिति के माध्यम से संचालित जन वितरण प्रणाली की दुकान का लाइसेंस रद कर पूरे मामले की जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।