सरायकेला विस में 431 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
सिंहभूम संसदीय क्षेत्र के सरायकेला विधानसभा में 12 मई को 431 मतदान केंद्रों पर चुनाव होगा।
जागरण संवाददाता, सरायकेला: सिंहभूम संसदीय क्षेत्र के सरायकेला विधानसभा में 12 मई को 431 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इसमें 3,24,424 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसकी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को प्रेसवार्ता में उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। उपायुक्त ने कहा कि सरायकेला विस में कुल 431 मतदान केंद्र है। इसमें 148 अति संवेदनशील, 54 संवेदनशील एवं आठ शैडो बूथ है। सरायकेला के सरस्वती शिशु मंदिर में महिला बूथ बनाया गया है। यहां मतदान कर्मी से लेकर सुरक्षा कर्मी महिलाएं होंगी। बूथ संख्या एक उत्क्रमित मध्य विद्यालय हतनादा को बूथ संख्या दो उत्क्रमित मध्य विद्यालय हुदू में स्थान परिवर्तन किया गया है। सरायकेला विधानसभा में 166132 पुरुष, 157291 महिला व एक अन्य समेत कुल 324424 मतदाता हैं। इसमें 1685 दिव्यांग मतदाता हैं। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
10 मई शाम से रहेगी शराब बंदी
उपायुक्त ने बताया कि सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में 10 मई अपराह्न पांच बजे से 13 मई सुबह सात बजे तक होटल, रेस्तरां, क्लब, प्रतिष्ठान, सार्वजनिक या निजी स्थान में शराब पर रोक रहेगी। उपायुक्त ने बताया कि सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में जिनका नाम नहीं है उन्हें मतदान अवधि तक नहीं रहने दिया जाएगा। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
चार बजे से चुनाव प्रचार बंद
सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार चार बजे से चुनाव प्रचार बंद हो गया है। शनिवार को काशी साहू महाविद्यालय के विज्ञान भवन से मतदान दल को इवीएम, वीवी पैट व चुनाव सामग्री के साथ मतदान दल को रवाना किया जाएगा। 12 मई रविवार को मतदान की समाप्ति के बाद चाईबासा में बनाए गए बज्रगृह में ले जाकर जमा किया जाएगा। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, नजारत उपसमाहर्ता अमरेंद्र कुमार व जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल भारती उपस्थित थे।