बेटी को नीट परीक्षा दिलाने जमशेदपुर जा रहे दंपती को कार ने रौंदा, पति की मौत
जिले में सड़क दुर्घटना और सड़क दुर्घटना में हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में सड़क दुर्घटनाओं में मरने वाले की संख्या छह पहुंच गई है।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : जिले में सड़क दुर्घटना और सड़क दुर्घटना में हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में सड़क दुर्घटनाओं में मरने वाले की संख्या छह पहुंच गई है। सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर दुगनी के समीप घटी एक सड़क दुर्घटना में खरसावां प्रखंड के उदालखाम निवासी 35 वर्षीय गोवर्धन लोहार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक गोवर्धन की 32 वर्षीय पत्नी सारथी लोहार घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे घटना के बाद स्थानीय जनों के सहयोग से सड़क एंबुलेंस द्वारा सदर अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल सारथी लोहार को जमशेदपुर के एमजीएम रेफर कर दिया गया। पति-पत्नी बेटी को नीट परीक्षा दिलाने के लिए जमशेदपुर जा रहे थे। बेटी जमशेदपुर में रहकर पढ़ाई करती है। आज उसे दूसरी पाली में परीक्षा केंद्र ले जाना था। सड़क दुर्घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक गोवर्धन की बड़ी बेटी सुमन लोहार जमशेदपुर में रहकर कोचिग करती है। और रविवार को उसका मेडिकल एग्जाम था। जिसे लेकर बेटी को देखने और आवश्यक सामान पहुंचाने दोनों माता-पिता बाइक से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। मृतक गोवर्धन टीबी विभाग में कॉन्ट्रैक्ट पर सामाजिक कार्यकर्ता कम्युनिटी वॉलिटियर के तौर पर कार्य कर रहा था। परंतु 6 महीने पहले काम छोड़कर दूसरी जगह कार्य कर रहा था। जबकि घायल हुई उसकी पत्नी सारथी लोहार खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सहिया के रूप में कार्य कर रही है। शनिवार को कांड्रा चौका सड़क पर हुई थी भीषण दुर्घटना : एक दिन पूर्व शनिवार को कांड्रा चौका सड़क पर कार व बस के बीच सीधी टक्कर होने से कार सवार 3 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि छह अन्य घायल हो गए थे। जिला में लगातार सड़क दुर्घटना में इजाफा हो रहा है। सड़क दुर्घटना का मुख्य कारण वाहनों का ओवर स्पीड चलाना है।