Move to Jagran APP

घरों की छत पर तिरपाल टांगकर बिता रहे हैं रात, कई कालोनियों के निचले इलाकों में जलमाव की स्थिति

बाढ प्रभावितों की सहायता को लेकर नगर निगम के द्वारा पुरी तरह से तत्पर दिखाइ पड़ रहा है

By JagranEdited By: Published: Mon, 22 Aug 2022 04:06 AM (IST)Updated: Mon, 22 Aug 2022 04:06 AM (IST)
घरों की छत पर तिरपाल टांगकर बिता रहे हैं रात, कई कालोनियों के निचले इलाकों में जलमाव की स्थिति
घरों की छत पर तिरपाल टांगकर बिता रहे हैं रात, कई कालोनियों के निचले इलाकों में जलमाव की स्थिति

घरों की छत पर तिरपाल टांगकर बिता रहे हैं रात, कई कालोनियों के निचले इलाकों में जलमाव की स्थिति

loksabha election banner

संसू, आदित्यपुर : पिछले दो दिनों तक हुई भारी बारिश के बाद गैस गोदाम इलाके के आसपास स्थित बस्तियों के लोग त्राहिमाम कर रहे हैं। रायडीह बस्ती, रोड नंबर-32, वास्तु विहार, हरिओम नगर व बाबा नगर के लगभग 400 घर जलमग्न हो चुके है। यहां के लोग घरों की छत पर तिरपाल टांग कर रात बिता रहे हैं। ओडिशा के व्यांगिल डैम व चांडिल डैम के 10 रेडियल गेट खोले जाने से इस क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति नहीं है। इस कारण पेयजलापूर्ति भी ठप है। इसके अलावा कई कालोनियों के निचले तल्ले में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। लोगों के वाहन भी पानी में डूबे हुए हैं। वर्ष 2008 में इसी क्षेत्र में बाढ़ की चपेट में आने से सौरभ नामक युवक की मौत हो गई थी।

लोगों को भोजन उपलब्ध कराने में जुटे मेयर व पार्षद : आदित्यपुर के विभिन्न बस्तियों व कालोनियों में बाढ़ का पानी घुसने से लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए संबंधित क्षेत्र के वार्ड पार्षदों ने शिविर लगाए हैं। मेयर बिनोद कुमार श्रीवास्तव भी रविवार की सुबह से ही अपने समर्थकों के साथ प्रभावित लोंगों के बीच भोजन व आवश्यक सामान वितरण करते रहे। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच ब्रेड, गुड़, चूड़ा व बिस्किट का वितरण किया। मौके पर भाजपा नेता ललन शुक्ला, पंकज कुमार आदि उपस्थित थे। सालडीह बस्ती में बाबी सिंह, राममडैया बस्ती में पार्षद रंजन सिंह, बेल्डीह बस्ती में पार्षद विक्रम किस्कू ने प्रभावित लोगों के बीच खिचड़ी का वितरण किया।

अंबुज कुमार ने की बाढ़ पीड़ितों की सहायता : रविवार को अंबुज कुमार ने जयप्रकाश नगर, राममडैया बस्ती, इंद्रा कालोनी, लंका टोला, बाबाकुटी आश्रम समेत विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच चूड़ा, गुड़, केला व खिचड़ी के लिए चावल की व्यवस्था कराई। मौके पर कांग्रेस नेता जगदीश नारायण चौबे, रामाशंकर पांडे आदि उपस्थित थे।

निगम ने की 2500 बाढ़ प्रभावितों के लिए की भोजन की व्यवस्था : बाढ़ प्रभावितों की सहायता देना नगर निगम शुरू कर दिया है। इसे लेकर निगम के द्वारा 7 स्थानों पर सहायता केंद्र बनाया गया। इसके तहत सेंट्रल पब्लिक स्कूल, राम मडैया, ऑटो कलस्टर, सालडीह बस्ती, भाटिया बस्ती, लंका टोला, बंतानगर में शिविर लगाया गया है। निगम के अपर आयुक्त गिरीजा शंकर प्रसाद ने बताया कि शिविर में खिचड़ी, भात, दाल, सब्जी, चुड़ा, गुड़ आदि का वितरण किया गया। पुरे वार्ड में 2500 लोगों को भोजन कराया गया। मौके पर एसडीओं बिनोद कुमार,सिटी मैनेजर देवाशीष प्रधान आदि उपस्थित थे।

हरेलाल महतो ने विस्थापितों के बीच बांटी राहत सामग्री : चांडिल डैम के जलस्तर में हुई वृद्धि के कारण ईचागढ़ प्रखंड के दर्जन भर गांव जलमग्न हो चुके हैं। रविवार को आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो ने बाढ़ प्रभावितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। नाव पर बैठकर हरेलाल महतो ने ईचागढ़, कालीचामदा, बाबू चामदा, उदल आदि गांवों में विस्थापितों से मुलाकात की। इस क्रम में उन्होंने विस्थापितों के बीच चूड़ा, गुड़, मुढ़ी, बिस्किट, पानी इत्यादि का वितरण किया। उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के डैम के जलस्तर में अचानक वृद्धि होना अमानवीय व्यवहार है। डैम के जलस्तर में वृद्धि होने से पूर्व विस्थापित गांवों के ग्रामीणों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। जब विस्थापितों को उनका हक व अधिकार ही नहीं मिला है तो उनके घरों को डुबाना कतई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विस्थापितों की ओर से जो भी निर्णय होगा, आजसू पार्टी उसका समर्थन करेगी। यदि विस्थापित आंदोलन करना चाहते हैं तो उस आंदोलन को आजसू पार्टी का पूर्ण समर्थन मिलेगा।

समाजसेवी व राजनीतिक संगठनों ने किया भोजन वितरण : रविवार को विभिन्न समाजसेवी व राजनीतिक दल के लोगों ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच भोजन समेत अन्य राहत सामग्रियों का वितरण किया। आदित्यपुर संघर्ष सेवा समिति ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र लंका टोला व केसरी गैस गोदाम में भोजन व पानी की व्यवस्था की। मौके पर समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, राजीव झा, रामप्रवेश यादव, रामा पासवान समेत कई उपस्थित थे। भाजपा नेता रमेश हांसदा ने बाबाकुटी आश्रम, वास्तु विहार, बंतानगर आदि क्षेत्रों में केला, बिस्किट, चाय आदि समेत भोजन का वितरण किया। मौके पर विशु महतो, अनुराग श्रीवास्तव, बिजेश राव, धनंजय महतो, जय महानता, राजेश गोप आदि उपस्थित थे। भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ के संयोजक बबलू सिंह ने सालडीह बस्ती व मांझीटोला में ब्रेड, केला, बिस्किट आदि का वितरण किया। साथ ही लगभग 50 घरों में भोजन का वितरण किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.