बिजली दो, पानी दो नहीं तो सत्ता छोड़ दो
उपायुक्त कार्यालय के समक्ष कांग्रेसियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : उपायुक्त कार्यालय में शनिवार को कांग्रेसियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष छोटराय किस्कु ने किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला अध्यक्ष छोटराय किस्कु के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने रैली के रूप में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कहा कि रघुवर सरकार पाने दो बिजली दो नहीं तो सत्ता छोड़ दो। रघुवर सरकार आपराधिक गतिविधियां बंद कराओ, जनता को सुरक्षा दो समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया।
उपायुक्त को ध्यानाकृष्ट करते हुए कांग्रेसियों ने कहा कि जिले में कम से कम 18 से 20 घंटे तक नियमित बिजली आपूर्ति की जाए। गांवों में खराब पड़े ट्रांसफॉर्मरों को बदलकर उसके स्थान पर 25 केवी के ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं। बंद पड़े सभी नलकूपों को यथाशीघ्र चालू कराया जाए। जिस गांव में नलकूप नहीं है वहां लगाने की व्यवस्था की जाए। जनसंख्या के आधार पर गांव को चिन्हित कर सोलर जलमीनार से गांव में जलापूर्ति की जाए। कांग्रेसियों ने कहा कि जिले में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही है। इससे जनता अपने को असुरक्षित महसूस कर रही है। दिन दहाड़े हो रही हत्या, छिनतई एवं सड़कों पर हो रही लूटपाट पर अतिशीघ्र रोक लगाई जाए। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए अपराधियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। जल, जंगल व जमीन का संरक्षण एवं संवर्धन पर ध्यान दिया जाए। उपायुक्त ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में डोमन महतो, शिव दास, निरंजन दास, भागवत माझी, अशोक गुप्ता, मो. गुलाम जिलानी, रिजवान खान, राज बागची, तस्लीम अशरफ नौशाद, रोशन खानम, फूलकांत झा, देवांग चंद्र मुखी व देवनाथ सिंह सरदार समेत काफी संख्या में कांग्रेसी शामिल थे।