भैरव पूजा के साथ छऊ महोत्सव का आगाज आज से
सरायकेला के भैरव स्थल पर सात अप्रैल से भैरव पूजा के साथ छऊ महोत्सव का आगाज किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला के भैरव स्थल पर सात अप्रैल को दस बजे से जिला प्रशासन द्वारा भैरव पूजा की जाएगी। पूजा को लेकर भैरव स्थल की साफ-सफाई की जा रही है। सरायकेला में कई धर्मिक अनुष्ठान के साथ चैत्र पर्व छऊ महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इसका शुभारंभ भैरव पूजा के साथ होता है। पंचांग के अनुसार सात अप्रैल रविवार को पूर्वाह्न दस बजे से भैरव पूजा होगी। इसके बाद चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव की पूजा एवं घट का शुभारंभ होगा। पंचांग के अनुसार नौ अप्रैल मंगलवार को झुमकेश्वरी पूजा, 10 अप्रैल बुधवार को शुभ घट, 11 अप्रैल गुरुवार को यात्रा घट शिव शक्ति पूजा, 12 अप्रैल शुक्रवार को वृंदावनी घट, 13 अप्रैल शनिवार को कालिका घट (चैत्र पर्व छऊ महोत्सव का समापन (पहली बैसाख) का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही चैत्र पर्व छऊ महोत्सव का समापन हो जाएगा।