निरीक्षण में गायब मिले सेविका व सहायिका को शोकॉज
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने गुरुवार को आठ आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया।
संवाद सूत्र, सरायकेला : जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने गुरुवार को आठ आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। प्रियंका ¨सह ने केंद्र में उपस्थित पंजी, निरीक्षण पंजी, स्टॉक पंजी, अंडे का रखरखाव, चावल-दाल, राशन का रखरखाव का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर शौचालय एवं पानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और सेविका व सहायिकाओं को खाने के पहले बच्चों को हैंडवास कराने का निर्देश दिया।
कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण में आंगनबाड़ी केंद्र माझीटोला-2 में सेविका राधा देवी एवं सहायिका सुनीता देवी उपस्थित थीं। केंद्र में केवल तीन बच्चे उपस्थित थे। खिचड़ी बनी थी। संजयनगर केंद्र में सेविका सुनीता बेहरा एवं सहायिका बिजली महतो उपस्थित थी। केंद्र में दस बच्चे थे। खिचड़ी तैयार की जा रही थी। आंगनबाड़ी केंद्र माझीटोला-3 में सेविका सुनीता कुमारी अनुपस्थित पाई गई। सहायिका रुबी देवी उपस्थित थीं। केंद्र में तेरह बच्चे उपस्थित थे। केंद्र में कोई पंजी नहीं पाई गई। खिचड़ी कार्यक्रम बाधित पाया गया। आदित्यपुर बस्ती ए रोड में प्रभारी सेविका झरना जेना अनुपस्थित थीं। केंद्र में कोई पंजी नहीं पाई गई। अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण किए गए आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित सेविका व सहायिका तथा महिला पर्यवेक्षिका उर्मिला कुमारी व जयंती विश्वकर्मा को शोकॉज करते हुए स्पष्टीकरण मांगी गई है। संतोषजनक जबाव नहीं मिलने पर सेविका व सहायिकाओं के विरुद्ध चयनमुक्त की कार्रवाई की जाएगी। दोनों महिला पर्यवेक्षिकाओं को एक सप्ताह तक लगातार केंद्र में जाकर बच्चे को पढ़ाने का निर्देश दिया गया।