बाइक व बोलेरो में सीधी टक्कर बाइक सवार का हाथ-पैर टूटा
हाता चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 220 स्थित बगराईसाई मोड़ पर अज्ञात बोलेरो व बाइक में सीधी भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
संवाद सूत्र, राजनगर: हाता चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 220 स्थित बगराईसाई मोड़ पर अज्ञात बोलेरो व बाइक में सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बोलेरो को लोगों ने पीछा किया। मगर तेज रफ्तार में चाईबासा की ओर भागने में सफल रहा। घटना बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है।
काफी देर तक तड़पता रहा युवक
घटनास्थल पर काफी देर तक युवक तड़पता रहा। बाद में पुलिस पहुंचकर डाला टेम्पो से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर भेजवाया। बगराईसाई के जयराम मुर्मू एवं टेंपो चालक की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में घायल के पहुंचने के बाद डॉक्टर और नर्स नहीं रहने के कारण बीस मिनट तक घायल यूं ही तड़पता रहा। इसके बाद वहां मौजूद पत्रकारों एवं अन्य लोगों के सहयोग से घायल को स्ट्रेचर पर लिटाकर चिकित्सक कक्ष में ले जाया गया। इसके बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्जुन सोरेन ने घायल का प्राथमिक इलाज के बाद एमजीएम रेफर कर दिया। घायल का नाम मीलू स्वर्णकार (35) पिता स्व. सरदार, गांव रंगामटिया, पोटका थाना क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम का है। घायल ने हेलमेट पहन रखी थी। इससे उसके सिर में चोट नहीं लगी है, जबकि उसका दाहिना पैर दो जगह टूट गया है। एक हाथ भी टूट गया है। बताया जा रहा है कि मीलू स्वर्णकार राजनगर से अपनी स्पेलेंडर बाइक से घर जा रहा था तभी बगराईसाई के तीखे मोड़ पर सामने से आ रही अज्ञात बोलेरो से टक्कर हो गई।