कार ने बाइक सवार को मारी ठोकर, दो गंभीर
सरायकेला कांड्रा मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे साहेबगंज के वन चेतना केंद्र के निकट कार चालक ने दो बाइक सवार को ठोकर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गुरुवार को साहेबगंज के वन चेतना केंद्र के पास कार चालक ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। इससे बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बड़ाबांबो के 22 वर्षीय मोटू सिंह लुगनु व पांड्राशाली पुरनिया निवासी 23 वर्षीय बलराम पान कांड्रा स्थित किसी कंपनी में काम करते हैं। गुरुवार को कंपनी से छुट्टी के बाद दोनों अपनी बाइक से वापस घर आ रहे थे। जैसे ही साहेबगंज स्थित वन चेतना केंद्र के समीप पहुंचे कि विपरीत दिशा सरायकेला से जमशेदपुर की ओर आ रही तेज गति की कार ने बाइक को साइड से ठोकर मार दी। इससे दोनों सड़क पर फेंका गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बलराम पान का हाथ टूट गया है, जबकि मोटू सिंह लुगनु के सिर व चेहरे पर गंभीर चोट लगी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ठोकर लगने के बाद दोनों बाइक से फेंका गए और सड़क पर तड़प रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहा मोटू सिंह लुगनु और पीछे बैठा बलराम पान 15 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद चक्रधरपुर निवासी काशीनाथ प्रधान व वन बिहारी प्रधान चक्रधरपुर जा रहे थे। वे सड़क पर घायलों को देख अपनी कार पर दोनों घायलो को सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। बाइक चला रहा मोटू सिंह लुगनु यदि हेलमेट लगाए रहता तो सिर में गंभीर चोट नहीं लगती।