बिजली चोरी में 44 पर प्राथमिकी, आठ लाख जुर्माना
संवाद सूत्र, आदित्यपुर/चांडिल/पोटका : झारखंड बिजली वितरण निगम के जमशेदपुर सर्किल के तीनों डिवीजनों म
संवाद सूत्र, आदित्यपुर/चांडिल/पोटका : झारखंड बिजली वितरण निगम के जमशेदपुर सर्किल के तीनों डिवीजनों में बुधवार को बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया। आदित्यपुर, जमशेदपुर और घाटशिला डिवीजन में 98 जगहों पर छापेमारी की गई। इनमें 44 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी उपभोक्ताओं के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। जमशेदपुर डिवीजन में 26, आदित्यपुर डिवीजन में नौ और घाटशिला डिवीजन में सात मामले पकड़े गए। इन उपभोक्ताओं से 7 लाख 97 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
चाडिल में कनीय अभियंता संजय सवैया के नेतृत्व में अभियान चला। चौका मोड़ निवासी दुर्गा प्रसाद साव पर बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं जादूगोड़ा में कनीय अभियंता शत्रुघ्न प्रसाद सिंह की अगुवाई में छापेमारी हुई। संजय कुमार गुप्ता (नौरंग मार्केट), माधव राधवंद (दयाल मार्केट), मन्नू मुर्मू(दयाल मार्केट) और हीरामन भकत (ईचडा) के ठिकानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। बिजली बिल के रूप में विभाग का संजय कुमार गुप्ता पर 26 हजार, माधव राधवंद पर 40 हजार और हीरामन भकत पर 40 हजार बकाया है। बकाया भुगतान नहीं किए जाने पर सभी की बिजली काट दी गयी थी। जांच में अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ कर बिजली के उपयोग की पुष्टि हुई। जबकि मन्नू मुर्मू को मेन लाइन में हुक लगाकर बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया।