कोरोना पॉजिटिव निकला तो पुलिस हिरासत से भाग गया गवाह
संवाद सहयोगी उधवा (साहिबगंज) राधानगर थाना में दर्ज अपहरण के एक मामले का गवाह कोरोना
संवाद सहयोगी, उधवा (साहिबगंज) : राधानगर थाना में दर्ज अपहरण के एक मामले का गवाह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद वह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। उसे लेकर आए राधानगर थाने के दो एएसआइ के साथ-साथ चार सिपाही, एक हवलदार, मुंशी, वायरलेस ऑपरेटर व चालक को क्वारंटाइन किया गया है। उधवा मोहनपुर के सामुदायिक भवन में पुलिस कर्मियों के लिए विशेष क्वारंटाइन केंद्र बनाया गया है।
राधानगर थाना प्रभारी ब्रजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राधानगर थाना में दर्ज अपहरण के एक मामले में बालूग्राम के युवक को न्यायिक दंडाधिकारी राजमहल के न्यायालय में गवाही देनी थी। उसे कोरोना टेस्ट के लिए उसे सदर अस्पताल साहिबगंज ले जाया गया। सदर अस्पताल में उसका सैंपल लिया गया। जांच के दौरान वह पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसे राजमहल कोविड अस्पताल ले जाने को कहा गया। वह एंबुलेंस में पीछे बैठा हुआ था। पुलिस कर्मी आगे थे। एसपी कोठी से पहले मोड़ पर जब एंबुलेंस धीमी हुई वह पीछे से गेट खोलकर भाग गया। कुछ आगे बढ़ने पर पुलिस कर्मियों को इसकी जानकारी मिली। इससे हड़कंप मच गया। घटना के बाद राधानगर थाना में पदस्थापित दो एएसआइ को तुरंत क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया गया। आरोपित का घर राधानगर थाना क्षेत्र में है, लेकिन वह इन दिनो पाकुड़ में रहता था। अब उसकी कांटेक्ट ट्रेसिग की जा रही है। उसके घर के सभी सदस्य तथा पाकुड़ के ठिकाने को चिह्नित किया गया है। उसके संपर्क में आए सभी लोगों को क्वारंटाइन किया जाएगा। बालूग्राम में उसके घर के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। राधानगर थाने को सैनेटाइज कराया जा रहा है। गवाह की तलाश में पुलिस जुटी है।