तिरुपति से 2 करोड़ के iPhone उड़ाए, फरक्का में धराए साहिबगंज के तीन शातिर चोर; 200 मोबाइल बरामद
Sahibganj Police Bust Interstate Mobile Theft Gang: पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर एक अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

तिरुपति से चोरी के मोबाइल के साथ पकड़े गए आलम शेख, बसीरूद्दीन शेख और टोनिक शेख। (फोटो सौजन्य)
HighLights
साहिबगंज पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर गिरोह का भंडाफोड़।
तीन कुख्यात चोर गिरफ्तार, दो सौ मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद 42 आईफोन की कीमत लगभग दो करोड़ रुपये है।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। आंध्र प्रदेश की पुलिस के साथ मिलकर झारखंड के साहिबगंज जिले की पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपये की कीमत के 42 आइफोन के साथ तीन मोबाइल चोरों को भी गिरफ्तार किया है।
साहिबगंज पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र से चोरी के दो सौ मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन में 42 आइ फोन हैं। इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। इन सभी मोबा़इल को आंध्रप्रदेश के तिरुपति थाना क्षेत्र की एक दुकान से चुराया गया था।
आंध्र प्रदेश से मोबाइल चुराने वाले साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पियारपुर निवासी आलम शेख, पियारपुर निवासी मो. बसीरूद्दीन शेख व उत्तर पलासगाछी के खट्टीटोला निवासी टोनिक शेख को गिरफ्तार किया गया है। सभी कुख्यात अपराधी हैं तथा झारखंड के अलावा उत्तरप्रदेश व महाराष्ट्र में भी केस दर्ज है।
मोबाइल बरामदी और चोरों की गिरफ्तारी की जानकारी शुक्रवार को साहिबंगज के एसपी अमित कुमार सिंह ने दी। एसपी ने बताया कि सात अगस्त की रात तिरूपति में सोनोविजन प्राइवेट लिमिटेड दुकान से 200 मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रानिक सामान की चोरी हुई थी।
इसकी जांच के क्रम में पता चला कि साहिबगंज के चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद वहां की पुलिस यहां आरोपितों की तलाश में पहुंची। वहां से आए पुलिस पदाधिकारियों ने उनसे सहयोग की मांग की।
उन्होंने राजमहल एसडीपीओ को इस मामले में कार्रवाई के लिए अधिकृत किया। इसके बाद राजमहल एसडीपीओ के नेतृत्व में राधानगर थाने की पुलिस ने तिरुपति पुलिस को सहयोग करते हुए इस घटना में शामिल अपराधियों को फरक्का से गिरफ्तार किया और मोबाइल बरामद किया।
तिरुपति की पुलिस सभी आरोपितों को अपने साथ ले जाएगी। आलम शेख पर उत्तर प्रदेश के मउ कोतवाली थाना, गाजीपुर, सैदपुर गाजीपुर, महाराष्ट्र के नरमोली थाणे, लिट्टीपाड़ा, राधानगर आदि थानों में मामला दर्ज है।
टोनिक शेख पर भी दौलताबाद व हरिहरपाड़ा थाना में मामला दर्ज है। एसपी ने बताया कि मोबाइल चोरों के खिलाफ जिले की पुलिस लगातार अभियान चला रही है। सभी मोबाइल चोरों की कुंडली तैयार की जा रही है। एक-एक कर सभी पकड़े जाएंगे।
