साहब, कब शुरू होगा गंगा कटाव रोकने का काम
संवाद सहयोगी तालझारी (साहिबगंज) साहब कब शुरू होगा गंगा कटाव रोकने का काम। तीन साल
संवाद सहयोगी, तालझारी (साहिबगंज) : साहब, कब शुरू होगा गंगा कटाव रोकने का काम। तीन साल से यहां कटाव निरोधक कार्य आरंभ होने के इंतजार में पीड़ित निराश हो रहे हैं। कई बार प्रशासनिक पदाधिकारी, गंगा पंप नहर के इंजीनियर व अन्य जनप्रतिनिधि कटाव क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लेकर कटाव निरोधक कार्य आरंभ करने का आश्वासन दे चुके हैं। राजमहल प्रखंड के मोकिमपुर पंचायत के कमलैन बगीचा, शोभापुर एवं चंडीपुर गांव के दर्जनों कटाव पीड़ित चार-पांच साल में अपना घर गंगा कटाव में खो चुके हैं।
पीड़ित चमेली देवी, प्रमिला देवी, रेखा देवी, हेमा देवी, विद्या देवी, कंचन देवी, सेखा देवी, मिनोती देवी, प्रतिमा देवी, जयदेव मंडल सहित अन्य ने बताया कि वर्ष 18, 19 तथा 20 में यहां 52 घर गंगा नदी में समा चुका है। कुछ घरों में दरार पड़ जाने के कारण लोग अपना आशियाना खुद उजाड़कर पलायन कर चुके हैं। मिली जानकारी के अनुसार 2019 में बरसात का मौसम खत्म होने के बाद 15 करोड़ 47 लाख की लागत से कटावरोधी कार्य दिसंबर माह में शुरू होने की बात कही गई थी, लेकिन एक वर्ष दो माह बीत जाने के बाद शुरू नहीं किया गया है। इन तीन वर्षों में चार बार गंगा पंप नहर की टीम ने गंगा कटाव इलाके का जायजा लिया। क्षेत्र का सर्वे करने के बाद भी कार्य शुरू न होने पर पीड़ित परिवारों ने नाराजगी जतायी है। सभी का कहना है चुनाव के समय नेता बड़े-बड़े वादे और दावे करते हैं, लेकिन किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। अगर कटाव रोधी कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया तो शेष बचे सभी घर सहित राजमहल-साहिबगंज मुख्य सड़क एनएच 80 भी गंगा नदी में समा जाएगी। ग्रामीण कहीं और निवास नहीं होने के कारण टूटे-फूटे घर में रहने को विवश हैं, घर का गंगा नदी में कट के चले जाने के भय से छोटे-छोटे बच्चों को सड़क दिन बिता रहे हैं। सभी पीड़ितों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गंगा कटाव रोधी कार्य शुरू करने की मांग की है।