विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंगलहाट-राजमहल पथ पर सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत, नशे में हादसे की आशंका

Published: Fri, 19 Sep 2025 02:47 PM (IST)

साहिबगंज के तालझारी में मंगलहाट-राजमहल मार्ग पर एक युवक का शव बाइक के नीचे मिला। मृतक की पहचान गौरांग मंडल ...और पढ़ें

जीजा को घर पहुंचा कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
जीजा को घर पहुंचा कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

HighLights

  1. तालझारी में बाइक के नीचे युवक का शव मिला |
  2. नशे में दुर्घटना की आशंका जताई गई |
  3. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा |

संवाद सहयोगी,तालझारी (साहिबगंज)। मंगलहाट-राजमहल मुख्य पथ पर सैयद बाजार के समीप शुक्रवार की सुबह अपाची बाइक के नीचे दबे एक युवक का शव मिला। शव होने की खबर सुनकर लोगों की भीड़ घटनास्थल पर लग गई।

उसकी पहचान राजमहल थाना क्षेत्र की मोकिमपुर पंचायत की शोभापुर निवासी लोगेन मंडल के बड़े पुत्र 26 वर्षीय गौरांग मंडल के रूप में की गई। लोगों ने बाइक दुर्घटना में उसकी मौत की आशंका जताई है।

मृतक की मां अहिल्या देवी ने बताया कि गौरांग मंडल ने दो माह पूर्व ही नई अपाची बाइक खरीदी थी। गुरुवार की शाम वह नौगच्छी स्थित जीजा मुकुल मंडल का घर गया था। वहां से जीजा के साथ मंडई में एक कार्यक्रम को देखने गया था।

नशे में हादसा होने की संभावना

कार्यक्रम देखकर रात दो बजे अपने जीजा को नौगच्छी स्थित उनके घर पर छोड़कर अपना घर शोभापुर जाने के लिए निकल पड़ा। आशंका है कि नशापान कर तीव्र गति से बाइक चलाने के कारण असंतुलित होकर दुर्घटना के शिकार हो गया।

यह घटना करीब दो बजे रात की है जिसके चलते रातभर वह घायल अवस्था में सड़क पर ही पड़ा रहा। इस वजह से उसकी मौत हो गई।

सुबह जब लोग टहलने निकले तो सड़क किनारे गिरी बाइक के नीचे दबे हुए शव को देखकर राजमहल थाने की पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही राजमहल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया।