दिल का दाैरा पड़ने से साहिबगंज नगर थाना प्रभारी की मौत, दो माह पहले हुई थी पोस्टिंग Sahebganj News
एसपी की मौजूदगी में वहां उनके शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव को पुलिस लाइन लाया गया। वहां उन्हें अंतिम सलामी दी गई।
साहिबगंज, जेएनएन। हृदयगति रुकने से गुरुवार को नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार कर्ण की मौत हो गई। वे मूलत: हजारीबाग के रहनेवाले थे। अक्टूबर में रांची से उनका यहां स्थानांतरण हुआ था। इसके बाद उन्हें नगर थाना प्रभारी बनाया गया था। वे 1994 बैच के थे। रांची के चुटिया व डोरंडा के अलावा धनबाद के कालूबथान थाना में वे रह चुके थे। रांची में ट्रैफिक में भी कुछ दिनों तक कार्य किया था।
कर्ण नगर थाना के बगल में स्थित आवास में अकेले रहते थे। गुरुवार की सुबह करीब दस बजे उनकी तबीयत खराब हुई। इसके बाद उन्होंने नगर थाने के सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार को बुलाया और डॉक्टर के यहां ले चलने को कहा। सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार उन्हें लेकर जेएन राय रोड स्थित डॉ एनआर राय के यहां पहुंचे। वहां डॉ. राय ने गंभीर स्थिति देखकर उन्हें सदर अस्पताल ले जाने को कहा। सदर अस्पताल ले जाने पर वहां ड्यूटी में तैनात डॉ. मो इकबाल अली ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। इसके बाद एसपी अमन कुमार, एसडीपीओ राजा मित्रा, विधायक अनंत ओझा, नगर परिषद के उपाध्यक्ष रामानंद साह आदि वहां पहुंचे। एसपी की मौजूदगी में वहां उनके शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव को पुलिस लाइन लाया गया। वहां उन्हें अंतिम सलामी दी गई।
हजारीबाग के उनके परिजन यहां आने के लिए रवाना हो चुके हैं। देर शाम उनके पहुंचने की आशंका है। इसके बाद वे लोग शव यहां से ले जाएंगे। अनिल कुमार कर्ण के परिवार में पत्नी, दो बेटी व एक बेटा है। एक बेटी इंजीनियरिंग कर रही है तो दूसरी मेडिकल की तैयारी कर रही है। बेटा रांची में ही पल्स टू में पढ़ता है।