'मनौव्वर' बन गया 'मनोहर', झांसे में आई नाबालिग; साहिबगंज पुलिस ने भेजा जेल
Sahibganj Love Jihad: साहिबगंज में मनौव्वर अंसारी नामक मुस्लिम युवक ने खुद को मनोहर बताकर एक हिंदू लड़की को फंसाया।

हिंदू बनकर रांगा की नाबालिग हिंदू लड़की को प्रेम जाल में फंसाने वाला मनौव्वर अंसारी। (फोटो साैजन्य)
HighLights
मुस्लिम युवक ने हिंदू नाम बताकर युवती को फंसाया।
लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने युवक को पकड़ा।
आरोपी मनौव्वर अंसारी को पूछताछ के बाद जेल भेजा गया।
संवाद सहयोगी, बरहेट/साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट संताली मोमिन टोला के मनौव्वर अंसारी ने कथित तौर पर अपने को हिंदू बताकर रांगा की नाबालिग हिंदू लड़की को अपने जाल में फंसाया था। मनौव्वर लड़की को अपना नाम मनोहर बताता था। यह खुलासा लड़की की मां द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी से हुआ है।
पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक को गुरुवार को जेल भेज दिया। लड़की का बयान भी कोर्ट में दर्ज कराया गया। लड़की अपनी मां व मामा के साथ कोर्ट में पहुंची थी। लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि 15 जुलाई को उसकी बेटी बरहेट स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
सुबह 11:30 बजे उसे सूचना मिली कि उसकी पुत्री के साथ छेड़खानी की घटना हुई। जब वह बरहेट पहुंची तो उसे पता चला कि उसकी पुत्री को बरहेट का मनोहर अंसारी अपने को हिंदू बोलकर शादी के लिए शिवगादी मंदिर में ले गया था। उसकी मां ने कहा कि इससे पूर्व भी 29 जून को उसकी बेटी को मनोहर रांची ले गया था।
युवक उसकी बेटी को काफी परेशान करता था। उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया। बताया जाता है कि युवक बुधवार को स्कूटी से लड़की को मंदिर लेकर पहुंचा था। स्कूटी में बुरका भी होने की बात कही जा रही है। ऐसे में आशंका जतायी जा रही है कि नाबालिग को कोई पहचान न ले इसलिए वह उसे बुरका पहना देता होगा।
बताया जाता है कि युवक व नाबालिग लड़की दोनों एक साथ ही पढ़ते थे। इसी क्रम में दोनों की जान पहचान हुई। लड़की तीन बहन है। पिता की मौत हो चुकी है। ऐसे में मामा ही उसकी पढ़ाई लिखाई की व्यवस्था कराते थे। युवक के पिता अब्दुल अंसारी की शिवगादी चौक पर परचून की दुकान है। युवक भी कभी-कभी उसमें बैठता था।
उधर, बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने बताया कि मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गुरुवार को जेल भेज दिया गया। गौरतलब हो कि मनौव्वर अंसारी बुधवार को उक्त नाबालिग लड़की को शिवगादी मंदिर में ले गया और उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया।
मंदिर में मौजूद लोगों की नजर पड़ी तो इसकी जानकारी मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों को दी। कमेटी के सदस्यों ने सीसीटीवी कैमरे के जांच पड़ताल की। घटना को सही पाए जाने पर इसकी सूचना बरहेट थाने की पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया।
