विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Raksha Bandhan: बारिश में नहीं भीगेगा बहनों का प्यार, डाक विभाग लाया मात्र ₹10 में वाटरप्रूफ 'राखी लिफाफा'

Published: Tue, 18 Aug 2026 02:29 PM (IST)

डाक विभाग ने रक्षाबंधन के लिए दूर रहने वाले भाइयों तक राखी सुरक्षित पहुंचाने हेतु 10 रुपये में वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए हैं।

बारिश में नहीं भीगेगा बहनों का प्यार, डाक विभाग लाया मात्र ₹10 में वाटरप्रूफ 'राखी लिफाफा' (AI Generated Image)

बारिश में नहीं भीगेगा बहनों का प्यार, डाक विभाग लाया मात्र ₹10 में वाटरप्रूफ 'राखी लिफाफा' (AI Generated Image)

HighLights

  1. डाक विभाग ने रक्षाबंधन के लिए वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए हैं।

  2. केवल 10 रुपये में राखी सुरक्षित भेजने की सुविधा मिल रही है।

  3. बरहड़वा उप डाकघर में 200 से अधिक राखियां बुक हो चुकी हैं।

संवाद सहयोगी, बरहड़वा (साहिबगंज)। रक्षाबंधन पर दूर रहने वाले भाइयों तक राखी सुरक्षित पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने विशेष तैयारी की है। बारिश के मौसम को देखते हुए डाकघरों में 10 रुपये की कीमत वाले वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं।

इनमें राखी भेजने पर उसके भीगने या खराब होने की चिंता नहीं रहेगी। बरहड़वा उप डाकघर में अगस्त की शुरुआत से अब तक 200 से अधिक राखियां बुक कराई जा चुकी हैं।

नगर के वार्ड चार स्थित बरहड़वा उप डाकघर के पोस्टमास्टर सिमोन हांसदा ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर राखियों की बुकिंग शुरू हो गई है और प्रतिदिन लोग राखी भेजने के लिए पहुंच रहे हैं। बारिश के दौरान सामान्य लिफाफे के भीगने से राखी खराब होने की आशंका रहती है।

इसे देखते हुए विभाग ने वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए हैं। इनमें राखी रखकर देश के किसी भी हिस्से में भेजी जा सकती है।

उन्होंने बताया कि सावन शुरू होते ही विशेष लिफाफों की मांग बढ़ जाती है। बरहड़वा उप डाकघर में भी इसकी मांग बनी हुई है। कोई भी व्यक्ति नजदीकी डाकघर से महज 10 रुपये में वाटरप्रूफ लिफाफा खरीदकर राखी भेज सकता है।

डाककर्मियों ने लोगों से रक्षाबंधन से चार-पांच दिन पहले राखी की बुकिंग कराने की अपील की है, ताकि वह समय पर गंतव्य तक पहुंच सके।

ग्राहकों को पसंद आ रही सुविधा:

सोमवार को राखी की बुकिंग कराने पहुंचे कमलाकांत कुशवाहा ने बताया कि बारिश में राखी भेजते समय उसके भीगने की चिंता रहती थी। वाटरप्रूफ लिफाफे की सुविधा से यह परेशानी दूर हो गई है।

 कम कीमत में राखी सुरक्षित भेजने की सुविधा डाक विभाग की अच्छी पहल है। इससे दूर रह रहे भाई-बहनों के बीच रक्षाबंधन का त्योहार और खास हो सकेगा।