53 फीसद हुई धान की खरीद
जागरण संवाददाता साहिबगंज धान खरीद की समय सीमा 31 मार्च को समाप्त हो गई। देर शाम तक तिथि
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : धान खरीद की समय सीमा 31 मार्च को समाप्त हो गई। देर शाम तक तिथि बढ़ाने के संबंध में विभाग को किसी प्रकार का निर्देश नहीं मिला था। वैसे पिछले दिनों जिले का लक्ष्य बढ़ा दिया गया था जिससे उम्मीद है कि धान खरीद के लिए एक बार पुन: तिथि घोषित की जाएगी। विभाग ने भी इस संबंध में प्रस्ताव भेजा है। पूर्व में जिले को 35 हजार क्विटल धान खरीद का लक्ष्य दिया गया था जिसे बढ़ाकर बाद में 55 हजार क्विटल कर दिया गया। इसके विरुद्ध बुधवार शाम तक 29297 क्विटल धान की खरीद हुई थी। यह लक्ष्य का करीब 53 फीसद है। वैसे जिले में 3905 किसानों ने निबंधन कराया था। उसके अनुसार कुल एक लाख 35 हजार क्विटल धान होने की उम्मीद थी। लेकिन करीब पांच सौ किसानों ने ही लैंपस-पैक्स को धान बेचा। धान खरीद शुरू होने के पूर्व कहा गया था कि किसान जिस दिन धान देंगे उसी दिन आधी राशि का भुगतान हो जाएगा। शेष राशि का भुगतान लैंप्स-पैक्स के गोदाम से धान के मिल में भेजने के बाद किया जाएगा। अब तक मात्र 3055.66 क्विटल धान ही मिल को भेजा गया है। ऐसे में मात्र उतने ही धान का पूरा भुगतान हो पाया है। शेष किसान भुगतान के लिए लैंपस-पैक्स का चक्कर लगा रहे हैं।
जूट बैग की किल्लत से बढ़ी परेशानी : राज्य में जूट बैग की किल्लत से भी परेशानी हो रही है। नए जूट बैग की आपूर्ति राज्य में नहीं हो रही है। इसे देखते हुए जनवितरण प्रणाली दुकानदारों से पुराना जूट बैग खरीदकर उसका उपयोग करने को कहा गया है लेकिन इसमें परेशानी सामने आ रही है। जितने बैग की जरूरत है उतना मिल नहीं रहा है। जूट बैग न मिलने की वजह से मिलों से चावल भारतीय खाद्य निगम के गोदामों में नहीं भेजा जा रहा है। चावल का स्टॉक खाली न होने से मिलों को धान भी नहीं भेजा जा रहा है। इस वजह से किसानों को राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
-----
जिले में 29297 क्विटल धान की खरीद अब तक हुई है। 31 मार्च तक धान क्रय करना था। आगे के संबंध में अब तक विभाग से किसी प्रकार का मार्गदर्शन नहीं मिला है। मार्गदर्शन के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जयदीप तिग्गा, डीएसओ, साहिबगंज