सोना चोरी के आरोप में जियाउल गिरफ्तार
यूपी के इलाहाबाद पुलिस ने सोना चोरी मामले में राधानगर थाना क्षेत्र के मदिया गांव से बीते शनिवार एक कथित सोना चोर को गिरफ्तार किया हैं।
संवाद सूत्र, उधवा (साहिबगंज): इलाहाबाद पुलिस ने सोना चोरी के आरोप में राधानगर थाना क्षेत्र के मदिया गांव से शनिवार को जियाउल शेख को गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि 17 अगस्त 2018 को यूपी के इलाहाबाद शहर के शाहगंज थाना क्षेत्र के मिजान ज्वैलर्स में लाखों का सोना चोरी गया था। इसमें राधानगर थाना क्षेत्र के चोर गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी। शनिवार की दोपहर यूपी पुलिस ने सिविल ड्रेस में राधानगर थाना क्षेत्र के मदिया गांव पहुंच कर उनके घर से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि जियाउल शेख इलाहाबाद शहर का रहने वाला है। चोरी की घटना के बाद पुलिस की नजर से बचने के लिए राधानगर थाना क्षेत्र के मदिया गांव में अपने परिवार के साथ रह रहा था। इधर-उधर मजदूरी कर अपना परिवार चला रहा था। विदित हो कि 30 सितंबर 2018 को यूपी पुलिस ने इसी मामले में सीसीटीवी फुटेज तथा मोबाइल लोकेशन के आधार पर पियारपुर के रबीउल शेख के घर छापेमारी की थी। पुलिस उसको गिरफ्तारी नहीं कर पाई थी। यूपी पुलिस मामले से जुड़े असराउल शेख नाम के एक अन्य युवक की तलाश भी कर रही थी। लेकिन दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को मिजान ज्वेलर्स में सेंधमारी कर गिरोह के सदस्यों ने दुकान में रखे दो लॉकर को काटकर वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि कितने संपत्ति की चोरी हुई हैं पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। इस संबंध में थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार राय ने बताया सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यूपी पुलिस जियाउल की संलिप्तता का प्रमाण दे रही है। पुलिस उसे पूछताछ कर रही है। समाचार लिखे जाने तक यूपी पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी।