टमाटर की रखवाली कर रहे वृद्ध की आंख फोड़ कर हत्या, बेटे को ग्रामीण पर शक Sahebganj News
दो महीने पहले ही पड़ोसी फूलन देवी से मारपीट व झगड़ा हुआ था और देख लेने की धमकी दी थी। इस मामले को लेकर राजमहल कोर्ट में केस चल रहा है।
तालझारी (साहिबगंज), जेएनएन। तालझारी थाना क्षेत्र के मसकलैया बालापोखर गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर अपराधियों ने शव को टमाटर की खेत में फेंक दिया। हत्या के दाैरान अपराधियों ने व्यक्ति की बायीं आंख भी फोड़ दी। यह घटना सोमवार की अर्धरात्रि की है। सुबह जब यहां शव लोगों ने देखा उसके बाद हत्या की खबर उनके परिजन एवं ग्रामीणों को मिली।
घटना के संबंध में मृतक सहदेव मंडल (60 वर्ष) के पुत्र राजकुमार मंडल ने बताया कि उनके पिता सहदेव मंडल अपने घर से कुछ दूरी पर लगे टमाटर खेत की रखवाली करते थे। रात में भी वे खेत में बनी झोपड़ी में सोते थे। सोमवार की शाम 7 बजे पिताजी को खाने के लिए बुलाने गये तो वे झोपड़ी में नहीं थे। इसके बाद पुनः करीब 11 बजे रात में उसे बुलाने के लिए गया उस वक्त भी वह झोपड़ी में नहीं थे। उसे लगा कि समीप में आयोजित हो रही विषहरी गान देखने गये होंगे। इस ख्याल से वह अपने घर में आकर सो गया। सुबह उन्हें गांव की एक महिला चैती देवी ने सूचना दी कि उनके पिता को किसी ने मारकर खेत में फेंक दिया है। चैती देवी का खेत उनके खेत से सटा हुआ है और वे अपने खेत देखने गई तो पिताजी का शव देख हड़बड़ा गई।
उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले ही पड़ोसी फूलन देवी से मारपीट व झगड़ा हुआ था और देख लेने की धमकी दी थी। इस मामले को लेकर राजमहल कोर्ट में केस चल रहा है। मामले में अतुल मंडल, बटोरन मंडल, फूलन देवी व सुधीर मंडल को अभियुक्त बनाया गया था। उन्हें आशंका है कि इन्हीं लोगों ने साजिश कर उनके पिता को मारकर फेंक दिया है। सहदेव मंडल की इस तरह आंख फोड़कर हत्या किये जाने से परिजन काफी मातम छाया हुआ है और मृतक की पत्नी मलोती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।