साहिबगंज: कुख्यात सोना चोर हसन चिकना बरहड़वा स्टेशन से गिरफ्तार, बंगाल पुलिस कर रही पूछताछ
कुख्यात अपराधी हसन चिकना को पश्चिम बंगाल की उत्तर दिनाजपुर पुलिस ने बरहड़वा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। उसके ...और पढ़ें

बंगाल पुलिस की गिरफ्त में कुख्यात सोना चोर हसन चिकना (टोपी में)।
HighLights
कुख्यात अपराधी हसन चिकना बरहड़वा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार।
पश्चिम बंगाल की उत्तर दिनाजपुर पुलिस ने की गिरफ्तारी।
गिरफ्तारी के दौरान भारी मात्रा में सोना बरामद होने की सूचना।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। कुख्यात अपराधी हसन चिकना को पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर थाने की पुलिस ने गुरुवार की सुबह बरहड़वा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से काफी मात्रा में सोना बरामद होने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि हसन चिकना गुरुवार की सुबह वनांचल मेल से बरहड़वा स्टेशन पर उतरा तभी पहले से उसके इंतजार में बैठी उत्तर दिनाजपुर थाने की पुलिस ने बरहड़वा जीआरपी पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है उत्तर दिनाजपुर थाने की पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गयी है। वह राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया मुर्गी टोला का रहनेवाला है। वैसे वर्तमान में बरहड़वा के मधुआपाड़ा में रह रहा था।
बताया जाता है कि ब्रह्मपुत्र मेल से कोई कारोबारी सोना लेकर जा रहा था। ट्रेन में ही सोना चुरा लिया था। इसी मामले में गिरफ्तारी हुई है। उसके पास सो सोना भी बरामद किया गया है।
बोकारो में 72 लाकर तोड़कर सोना चोरी करने का है आरोपी
हसन चिकना ने बोकारो (झारखंड) में एसबीआइ की एडीएम बिल्डिंग शाखा के 72 लाकर तोड़कर करोड़ों रुपये की चोरी करने के मामले का मुख्य आरोपी है।
25-26 दिसंबर 2017 की रात बोकारो के एसबीआइ एडीएम बिल्डिंग शाखा के 72 लाकरों को तोड़कर लगभग 11 करोड़ रुपये नकद, 14 किलो सोना और 40 किलो चांदी चुराई गई थी। पुलिस ने मई 2018 में उसे मुंबई से गिरफ्तार किया था।
यूपी के प्रयागराज में यूको बैंक शाखा से करोड़ों की चोरी में शामिल
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (प्रयागराज) में यूको बैंक के लाकर काटकर करोड़ों की चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। हसन चिकना का गिरोह बेहद शातिर तरीके से बैंक की रेकी करता था।
गैस कटर और आधुनिक औजारों की मदद से रातों-रात बैंकों के शटर और मजबूत लाकर काटकर यह गिरोह करोड़ों के आभूषण साफ कर देता था। उसने धनबाद में बैंक आफ इंडिया और पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में यूनाइटेड बैंक में भी चोरी की थी।
