जिले में एक भी वैध ईंट-भट्ठा नहीं
जागरण संवाददाता साहिबगंज जिले में अवैध रूप से करीब ढाई दर्जन ईंट-भट्ठा चल रहे हैं। इनम
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : जिले में अवैध रूप से करीब ढाई दर्जन ईंट-भट्ठा चल रहे हैं। इनमें 15 केवल बरहड़वा प्रखंड में हैं। उधवा में भी पांच ईंट-भट्ठा हैं। इनलोगों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से न तो सीटीई (स्थापना अनुमति) लिया है और न ही सीटीओ (संचालन अनुमति)। कई ईंट-भट्ठों में तो कोयला क्रश करने के लिए मशीन तक लगाई गई है। इन ईंट भट्ठों में तस्करी के माध्यम से लाए गए कोयले को उपयोग किया जाता है। प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का भी यहां पालन नहीं होता है। मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण पर्षद दुमका के क्षेत्रीय पदाधिकारी केके पाठक व तकनीकी पदाधिकारी निराला बास्की की ओर से बरहड़वा व उधवा प्रखंड के ईंट भट्ठों की जांच में यह उजागी हुआ है। इस दौरान कोई भी संचालक कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद सभी को तत्काल उसे बंद करने को कहा गया है। क्षेत्रीय पदाधिकारी केके पाठक ने बताया कि फिलहाल 20 ईंट भट्ठों की सूची बनाई गई है। सभी को बंद करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य प्रखंडों में संचालित ईंट भट्ठों की भी जांच की जाएगी तथा रिपोर्ट खनन टास्क फोर्स की बैठक में रखी जाएगी। लिए गए निर्णय के आलोक में आगे की कार्रवाई की जाएगी।