आज मनाई जाएगी मिलादुन्नबी
मिलादुन्नबी मंगलवार को मनाई जाएगी। इसकी तैयारी लोगों ने पूरी कर ली है। सोमवार को सभी मुस्लिम मोहल्लों में इसे लेकर विशेष चहल-पहल रही। शहर के अंजुमन नगर में सुबह से ही रंग बिरंगी झंडिया व आकर्षक लाइट लगाने का काम चल रहा था।
संवाद सहयोगी, साहिबगंज : मिलादुन्नबी मंगलवार को मनाई जाएगी। इसकी तैयारी लोगों ने पूरी कर ली है। सोमवार को सभी मुस्लिम मोहल्लों में इसे लेकर विशेष चहल-पहल रही। शहर के अंजुमन नगर में सुबह से ही रंग बिरंगी झंडिया व आकर्षक लाइट लगाने का काम चल रहा था। बच्चों में ज्यादा उत्साह था। वैसे तो मिलादुन्नबी शहर के सभी मुस्लिम मोहल्ले में मनाया जाता है लेकिन इसका केंद्र अंजुमन नगर माना जाता है क्योंकि जुलूस में शामिल ज्यादातर बरेलवी फिरका से ताल्लुक रखने वाले लोग ही होते हैं। अंजुमन नगर रजा नईमी जामा मस्जिद के इमाम शमशाद नईमी ने बताया कि हर वर्ष पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर मिलादुन्नबी मनाई जाती है। इस दिन अंजुमन नगर के मुस्लिम समुदाय के काफी लोग जुलूस में शामिल होते हैं। शांतिपूर्ण तरीके से मौन जुलूस निकाला जाता है। जुलूस अंजुमन नगर से निकलकर एलसी रोड होते हुए चौक बाजार के रास्ते गांधी मोड़ तक पहुंच कर वहां से सीधे पटेल चौक, कुलीपाड़ा, हबीबपुर, टमटम स्टैंड, सकरूगढ़ होते हुए पुन: अंजुमन नगर लौट जाता था लेकिन इस बार कोरोना की वजह से प्रशासन ने जुलूस की इजाजत नहीं दी है। सरकार के निर्देशों का पालन करना हम सब का परम कर्तव्य है। इसलिए मिलादुन्नबी भी अपने अपने घरों में रहकर ही मनाएंगे। सभी लोग अपने अपने घर में ही नियाज, फतेहा व कुरान की तिलावत करेंगे और हजरत मोहम्मद के दिए गए निर्देशों पर अमल करने का संकल्प लेंगे। अच्छे पकवान बनाएंगे खुद खाएंगे व जरूरतमंद लोगों को भी खिलाएंगे। ज्ञात हो कि इस दिन ही इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगंबर हजरत मोहम्मद का जन्म हुआ था।