चूहा बना काल! खुदाई के दौरान 11000 वोल्ट की तार में छू गया सब्बल, 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत
साहिबगंज के रांगा थाना क्षेत्र में चूहा मारने के दौरान 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
संवाद सहयोगी, पतना (साहिबगंज)। रांगा थाना क्षेत्र के बड़तल्ला गांव के पास सोमवार सुबह 11 हजार वोल्ट की तार के संपर्क में आने से बड़तल्ला गांव निवासी धानो हांसदा (55 वर्ष) की मौत हो गयी।
बताया जा रहा है कि धानो हांसदा खेत में चूहा मारने के लिए लोहे की सब्बल से खुदाई कर रहा था। इसी दौरान सब्बल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के झूलते बिजली के तार से सट गया।
करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दो बेटे हैं और दोनों शादीशुदा हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता सत्यम कुमार मरांडी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि अब तक स्वजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद मुआवजे की प्रक्रिया के लिए वरीय अधिकारियों को भेजा जाएगा।
