CM Hemant Soren के विधानसभा क्षेत्र बरहेट में ममता वाहन चालक नाराज, अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
Mamata Vahan Strikeः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बरहेट विधानसभा क्षेत्र में ममता वाहन चालक 18 माह से भुगतान न मिलने ...और पढ़ें

बरहेट के ममता वाहन चालक हड़ताल पर।
HighLights
ममता वाहन चालक 18 माह से भुगतान न मिलने से नाराज।
बरहेट में अनिश्चितकालीन हड़ताल से गर्भवती महिलाएं चिंतित।
अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
संवाद सहयोगी, जागरण, बरहेट (साहिबगंज)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इस क्षेत्र के ममता वाहन चालक नाराज हैं और वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे गर्भवती महिलाओं और उनके स्वजनों की चिंता बढ़ गई है।
दरअसल, बरहेट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ममता वाहन चालकों को पिछले 18 माह से भुगतान नहीं मिला है। इससे नाराज होकर सभी चालक बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। बरहेट ममता वाहन चालक संघ के अध्यक्ष हरेंद्र पंडित ने बताया कि अक्टूबर 2024 से अब तक 18 माह का भुगतान नहीं किया गया है।
राशि नहीं मिलने से ममता वाहन संचालन में काफी परेशानी हो रही है। कई बार विभाग से आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया है। ममता वाहन चालकों के हड़ताल पर जाने से बरहेट प्रखंड क्षेत्र की 22 पंचायतों में गर्भवती महिलाओं को अस्पताल आने के लिए स्वयं व्यवस्था करनी पड़ रही है।
उधर, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि चालक हड़ताल पर गए हैं, तो जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कर्मकार ने बताया कि ममता वाहन चालक हड़ताल पर हैं। यदि कोई व्यक्ति अपने स्तर से गर्भवती महिला को अस्पताल लेकर आता है, तो उसे सरकारी दर के अनुसार भुगतान किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर मो. बसारत, दानीनाथ यादव, बिनोद कुमार साह, बामदेव दत्ता, चंद्रशेखर साह, रंजीत यादव, रोबिन साह, अब्दुल जब्बार अंसारी आदि उपस्थित थे।
