बरहड़वा में सीईओ के निरीक्षण में सामने आए फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र, सख्त कार्रवाई के निर्देश
Sahibganj Fake Voter Certificates: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बरहड़वा में एसआईआर कार्य का जायजा लिया ...और पढ़ें

साहिबगंज में SIR के दाैरान पकड़ में आया फर्जीवाड़ा। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बरहड़वा में एसआईआर कार्य का निरीक्षण किया।
फर्जी निवास प्रमाण पत्रों से मतदाता बनने के प्रयास का खुलासा हुआ।
फर्जीवाड़ा करने वालों और प्रज्ञा केंद्र संचालक पर प्राथमिकी का निर्देश।
संवाद सहयोगी, बरहड़वा (साहिबगंज)। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने शनिवार को 05 पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहड़वा प्रखंड में चल रहे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य का जायजा लिया। उनके साथ साहिबगंज उपायुक्त दीपक कुमार दुबे भी मौजूद रहे।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हो रही शिकायतों की भौतिक जांच की। जाँच के क्रम में प्रखंड के आहुतग्राम के रूबेदा बीबी, रबी शेख, पिंटू शेख व सेंटू शेख द्वारा फर्जी निवास प्रमाण पत्र दस्तावेज के आधार पर मतदाता बनने का प्रयास करने की जानकारी मिली थी।
जिसके बाद चिन्हित संदिग्ध लोगों के घरों पर जाकर स्वयं उनसे जानकारी ली। उनसे उनके मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी ली। इन चारों को आहुतग्राम स्थित प्रज्ञा केंद्र के संचालक मोहम्मद सलीम ने फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनाकर दिया था। इस पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र बनाकर मतदाता सूची में शामिल होने का प्रयास करने वाले लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया।
साथ ही प्रज्ञा केंद्र संचालक मोहम्मद सलीम के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। सीईओ ने कहा कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर मतदाता सूची में शामिल होने का प्रयास करने वाले लोगों पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर बरहड़वा बीडीओ सन्नी कुमार दास, सीओ अनोज कुमार, नपं इओ दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।
दूसरे के प्रमाण पत्र को एडिट कर बना फर्जी प्रमाण पत्र
जांच के क्रम में सामने आया है कि आहुतग्राम स्थित प्रज्ञा केंद्र संचालक मो सलीम स्थानीय लोगों को कथित तौर पर अवैध ढंग से फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र दिया है। एसआईआर के दौरान जब आहुतग्राम के रूबेदा बेवा, रबी शेख, पिंटू शेख व सेंटू शेख को नोटिस मिला तब वे कागजात बनवाने उक्त प्रज्ञा केंद्र गए।
जहां प्रज्ञा केंद्र संचालक मो सलीम ने 200-200 रुपये लेकर निवास प्रमाण पत्र बनाकर दे दिया। जब उन चारों ने एसआईआर के नोटिस के दिन उन कागजातों के साथ निवास प्रमाण पत्र को जमा कर दिया। जब कार्यालय में कागजातों की जांच हुई तो पता चला कि उनके निवास प्रमाण पत्र फर्जी हैं। जिसके बाद उन कागजातों को जब्त कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि उनमें कुछ निवास प्रमाण पत्र जामताड़ा जिले से जारी हुए हैं। प्रमाण पत्रों के रेफरेन्स नम्बर को जस का तस रखते हुए अन्य विवरणों को एडिट कर दिया गया है। इधर, सूत्रों से यह भी जानकारी मिल रही है कि देर शाम तक और भी फर्जी निवास प्रमाण पत्र संदिग्ध मिले हैं जिनकी जांच गहनता से की जा रही है।
