जमीन सरकार की, पत्थरों के मालिक माफिया
पतना प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों अवैध रूप से पत्थर उत्खनन कार्य जोरों पर है। नियम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए माफियों द्वारा अवैध विस्फोटक का उपयोग करते हुए पत्थर उत्खनन किया जा रहा है।
संवाद सूत्र, बरहड़वा (साहिबगंज): पतना प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों अवैध रूप से पत्थर उत्खनन कार्य जोरों पर है। नियम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए माफियों द्वारा अवैध विस्फोटक का उपयोग करते हुए पत्थर उत्खनन किया जा रहा है। कई जगह तो वन विभाग की जमीन में पत्थर उत्खनन की बात सामने आ रही है। प्रशासनिक पदाधिकारियों के मौन समर्थन के कारण पत्थर माफिया सरकारी राजस्व का चूना लगाते हुए मालामाल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पतना प्रखंड के सिमलगोडा मौजा में बीते कई वर्षों से बंद पत्थर खदान में इन दिनों खनन शुरू कर दिया गया है। बताया जाता है कि उक्त खदान किसी मुरली प्रसाद भगत के नाम से पूर्व मे संचालित था। वन भूमि होने के कारण विभाग ने उसे बंद करा दिया था लेकिन लेकिन वर्तमान में एक दूसरे पत्थर व्यवसायी द्वारा दिग्धी के कुछ लोगों के माध्यम से चोरी छिपे उक्त पत्थर खदान में अवैध विस्फोटक का उपयोग कर पत्थर उत्खनन का कार्य किया जा रहा है। आसपास के पत्थर क्रशर में इन पत्थर को खपाया जा रहा है।
-----------
वर्जन :::
बंद खदान में पत्थर खनन की जानकारी मुझे नहीं है। मामले की जांच कर पत्थर उत्खनन करने वालों को चिह्नित किया जाएगा तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विकास पालिवार, डीएफओ, साहिबगंज