झारखंड गठन के बाद पहली बार सादगी से मना हूल दिवस, भोगनाडीह नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री और झामुमो के बड़े नेता
Hool Diwas 2026: साहिबगंज के भोगनाडीह में 30 जून 2026 को आयोजित हूल दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो के वरिष्ठ नेता अनुपस्थित रहे।

भोगनाडीह में सिदो-कान्हू को श्रद्धांजलि देते पुलिस पदाधिकारी और शहीद परिवार के वंशज। (फोटो सौजन्य)
संवाद सहयोगी, बरहेट (साहिबगंज)। हर साल 30 जून को हूल दिवस के अवसर पर झारखंड के साहिबगंज जिले के भोगनाडीह में शहीद सिदो-कान्हो को श्रद्धांजलि दी जाती है। झारखंड गठन के बाद कोरोना काल को छोड़कर यहां हर वर्ष बड़े स्तर पर सरकारी कार्यक्रम आयोजित होता रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री समेत सत्ताधारी दल के वरिष्ठ नेता शामिल होते रहे हैं।
हालांकि, इस बार 30 जून 2026 को आयोजित हूल दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं, सत्तारूढ़ झामुमो का भी कोई बड़ा नेता कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ। ऐसे में इस बार भोगनाडीह में हूल दिवस का आयोजन अपेक्षाकृत सादगी के साथ संपन्न हुआ।
बरहेट से विधायक हैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री और सत्ताधारी दल के शीर्ष नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, सरकार या झामुमो की ओर से इसे लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी महत्वपूर्ण तथ्य है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट से विधायक हैं। बरहेट विधानसभा क्षेत्र के तहत ही भोगनाडीह आता है।
हूल दिवस पर भोगनाडीह में मंगलवार को सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गयी थी। जगह-जगह पुलिस बल को तैनात किया गया था। मंगलवार को यहां किसी पार्टी का झंडा-बैनर नहीं दिखा। विभिन्न दलों के नेताओं ने आकर यहां सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
सांसद विजय हांसदा और पंकज मिश्रा ने दी श्रद्धांजलि
सुबह में सर्वप्रथम सिदो कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू, ग्राम प्रधान बबलू हांसदा सहित अन्य लोगों ने सिदो कान्हू पार्क पहुंचकर पूजा अर्चना की। इसके बाद यहां से सभी लोग मांझी थान पहुंचे जहां विधिवत पूजा अर्चना की। इसके बाद सांसद विजय कुमार हांसदा, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, राजमहल विधायक एमटी राजा, उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह आदि ने माल्यार्पण किया।
बीडीओ ने सिदो कान्हू के वंशजों को किया सम्मानित
बीडीओ अंशु कुमार पांडेय ने सिदो कान्हू के वंशजों के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। दोपहर बाद भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम, प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, जिला अध्यक्ष गौतम यादव, वंशज परिवार के मंडल मुर्मू ने भोगनाडीह पार्क पहुंचकर सिदो कान्हू प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
दोपहर बाद यहां काफी भीड़ जुट गयी। हूल दिवस पर राजनीतिक पार्टियों की ओर से कोई कार्यक्रम नहीं हुआ पर लोगों में हूल दिवस के प्रति काफी उत्साह और उमंग देखा जा रहा था। लोग सिदो कान्हू पार्क पहुंचकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन कर रहे थे। पूरे पार्क में घूम-घूम कर यहां की खूबसूरती को अपने मोबाइल में कैद कर8 रहे थे। वंशजों के यहां स्थापित सिदो कान्हू की प्रतिमा की भी लोगों ने पूजा अर्चना की।
