बाहर से आए लोगों को किया गया होम क्वारंटाइन
बाहरी जिले या राज्य से आये लोगों को किया गया होम कोरेंटिन
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : कोरोना पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। प्रशासन द्वारा वैसे घरों को चिन्हित किया जा रहा है जहां लोग दूसरे राज्य व जिले से आए हैं। जिला प्रशासन द्वारा उन घरों के बाहर होम क्वारंटाइन का पोस्टर लगाया गया है, ताकि वह अपने घरों से न निकलें एवं संक्रमण न फैले। उपायुक्त वरुण रंजन ने बताया कि होम क्वारंटाइन का मुख्य उद्देश्य संक्रमण को फैलने से रोकना है। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए वोलेंटियर्स की मदद से वैसे घर जहां से लोग बाहर काम करते हैं एवं अभी घर वापस आये हैं उनके घरों के बाहर होम क्वारंटाइन का पोस्टर लगाया गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 14 लोग विदेश यात्रा तथा 3573 लोग दूसरे राज्यों से लौटे हैं। जिले की मेडिकल टीम अभी तक 3233 लोगों तक पहुंच चुकी है।
उन्होंने बताया कि 10 लोगों को सरकार के क्वारंटाइन में रखा गया है। 11 लोग क्वारंटाइन अवधि पूरा कर चुके हैं तथा सुरक्षित हैं। उपयुक्त ने बताया कि 1046 लोगों को चिन्हित कर उनके हाथों में क्वारंटाइन का मुहर लगाया गया है तथा 3223 लोगों को घरों में स्वत: क्वारंटाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन किए गए लोगों को राशन उनके घरों में उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए विभिन्न वोलेंटियर्स सहयोग कर रहे हैं।