किसान अपनाएं कृषि की नवीनतम तकनीक
संयुक्त कृषि भवन परिसर में शनिवार को दो दिवसीय कृषि मेला का उद्घाटन करने के बाद उपायुक्त वरुण रंजन ने जिले के किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान खेतों में कृषि की नवीनतम तकनीक अपनाएं। उपायुक्त ने बताया कि कृषि साहिबगंज जिले के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। किसानों के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने में सहायक साबित हो सकती हैं। किसानों को खेती की नवीनतम पद्धति अपनानी होगी। किसानों तक कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए विभाग की ओर से प्रयास चल रहा है।
साहिबगंज : संयुक्त कृषि भवन परिसर में शनिवार को दो दिवसीय कृषि मेला का उद्घाटन उपायुक्त वरुण रंजन ने किया। उन्होंने कहा कि किसान खेतों में कृषि की नवीनतम तकनीक अपनाएं। कृषि साहिबगंज जिले के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। किसानों के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने में सहायक साबित हो सकती हैं।
इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि खेतों में कैमिकल के ज्यादा प्रयोग से बचना होगा। इससे अंदर का पानी दूषित हो जाता है। संयुक्त कृषि निदेशक ने खेतों में ज्यादा यूरिया का प्रयोग करने से बचने की बात कही। किसानों को स्वायल हेल्थ कार्ड के माध्यम से मिट्टी जांच कर खेती करने की सलाह संयुक्त कृषि निदेशक ने दी।
अजय कुमार सिंह ने यहां के किसानों को वैज्ञानिकों के मेहनत का परिणाम बताया जिसके बदौलत आज आबादी की तुलना में पैदावार बढ़ा है। खेतों में स्पींगलर के माध्यम से सिचाई कर पैदावार बढ़ाने पर संयुक्त कृषि निदेशक ने जोर दिया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता अनुज कुमार प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी उमेश तिर्की, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एके झा, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी राम नंदन प्रसाद, वैज्ञानिक डॉ. वीके मेहता, डॉ. माया कुमारी, अजय कुमार पुरी, रमेश कुमार झा सहित अन्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन विष्णुदेव मंडल ने किया।
------
इजराइल से लौटे किसानों ने साझा किए विचार
दो दिवसीय कृषि मेला के अवसर पर इजराइल से लौटे किसानों ने विचार साझा किए। महिला किसान निर्मला हांसदा ने बताया कि इजराइल की उबड़ खाबड़ जमीन पर कम पानी में टमक सिचाई कर बेहतर खेती की जाती है। वहां की जमीन में कम पानी है। निर्मला हांसदा ने बताया कि उसे सौभाग्य है कि हवाई जहाज से सफर करने का मौका सरकार ने दिया है। किसान राजेश यादव ने बताया कि इजराइल में खेतों में स्पींगलर के माध्यम से सिचाई की जाती है। इससे पौधे की जड़ में पानी जाता है। खेतों में पानी बेवजह बर्बाद नहीं होता है। देश छोटा है संतालपगरना के बराबर है। यहां भी किसान बेहतर खेती कर रहे हैं।
------
इजराइल से लौटे किसानों को किया सम्मानित
उपायुक्त ने इजराइल से लौटे किसानों निर्मला हांसदा, अमृता कुमारी, बेला किस्कू, शांति टुडू, राजेश यादव व रमेश रविदास को सम्मानित किया। साथ ही सभी ने इजराइल में खेती के बारे में जानकारी हासिल किया। इससे पूर्व मेला में पहुंचे उपायुक्त का स्वागत आदिवासी परंपरा के अनुसार किया गया। कृषि मेला में स्टाल लगाकर किसानों को विभागों की ओर से लाभ दिलाने का प्रयास किया गया।