आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण दिवस पर लगी प्रदर्शनी
जागरण संवाददाता साहिबगंज राजमहल प्रखंड की जामनगर पंचायत में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पोषण प्रदर्शनी लगाई गई।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : राजमहल प्रखंड की जामनगर पंचायत में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पोषण प्रदर्शनी लगाई गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को अपने बच्चों के प्रति पोषण को बेहतर करना था। इसमें छह वर्ष तक के बच्चे और उसकी मां शामिल हुईं। बताया गया कि अपने बच्चों के भोजन में पौष्टिकता के लिए हरी साग-सब्जी दें। मौसमी सब्जी एवं फलों का उपयोग अधिक करें। टमाटर, पपीता, सहजन, बीट, गोभी, सोयाबीन का प्रयोग करने की भी सलाह दी गई। इस दौरान उपस्थित लाभार्थियों के बीच गोदभराई भी की गई। अंत में सभी लाभार्थियों ने समाज को सुपोषित करने की शपथ ली। कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन के शमसाद आलम, जामनगर पंचायत के उप मुखिया अरुण कुमार प्रमाणिक, महिला पर्यवेक्षिका हेमलता कुमारी, बुलबुल कुमारी पासवान, सेविका, सहिया एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रोथ चार्ट के जरिए दी विकास की जानकारी :
संवाद सहयोगी, कोटालपोखर (साहिबगंज) : बरहड़वा प्रखंड क्षेत्र के थोमग्राम गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में पिरामल फाउंडेशन संस्था के प्रखंड परिवर्तन पदाधिकारी कामेश कुमार ने चार्ट के माध्यम से बच्चों के ग्रोथ के संबंध में जानकारी दी। साथ ही खेल के माध्यम से गर्भवती महिला, धातृ महिला एवं किशोरियों को शारीरिक विकास, स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार आदि की जानकारी दी। मौके पर एएनएम नंदनी दास, सेविका मंजू मंडल, सहिया श्रावंती रावत, डब्लू एम लोगेन टुडू एवं अन्य गर्भवती, धातृ महिला एवं किशोरी उपस्थित थे।