लूट मामले में दो युवकों को ले गई धनबाद पुलिस
धनबाद के बरबड्डा थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड के अनुसंधान के सिलसिले में शनिवार को बरबड्डा थाने की पुलिस यहां पहुंची।
संस, साहिबगंज : धनबाद के बरबड्डा थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड के अनुसंधान के सिलसिले में शनिवार को बरबड्डा थाने की पुलिस यहां पहुंची। जिरवाबाड़ी ओपी की पुलिस के सहयोग से साउथ कालोनी निवासी रोहित कुमार मंडल व रसूलपुर दहला निवासी कुंदन कुमार को पकड़ कर साथ ले गई। बरबड्डा थाने की पुलिस एक स्कार्पियो भी अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि 12 जनवरी को धनबाद के बरबड्डा थाना क्षेत्र में लूट की वारदात हुई थी। इसमें स्कार्पियो का इस्तेमाल हुआ था। पुलिस की जांच में स्कार्पियो साहिबगंज का निकला। इसके बाद बरबड्डा थाना की पुलिस साहिबगंज पहुंची। लूट में इस्तेमाल किया स्कार्पियो को ढूंढना शुरू किया तो स्कार्पियो साउथ कालोनी निवासी रोहित कुमार मंडल के पास मिला। पूछताछ में रोहित ने बताया कि उसने लगभग एक हफ्ता पूर्व स्कार्पियो को रेंट पर लिया था। बरबड्डा थाना पुलिस शक के आधार पर रोहित व कुंदन को स्कार्पियो सहित अपने साथ धनबाद ले गई।