झुलसकर पत्नी मरी, ट्रेन से गिरकर पति की गई जान
बरहड़वा (साहिबगंज): रांगा थाना के बिशनपुर केंदुआ गांव में झुलसने से सोमवार सुबह पूजा देवी
बरहड़वा (साहिबगंज): रांगा थाना के बिशनपुर केंदुआ गांव में झुलसने से सोमवार सुबह पूजा देवी (32) की मौत हो गई। वह पहले से ही बीमार थी। इलाज के लिए पैसे की व्यवस्था करने उसके पति विकास साहा (40) पाकुड़ गया था। मौत की सूचना मिलते ही विकास विचलित हो गया। पाकुड़ से बरहडवा आने के क्रम में ट्रेन से गिर गया और उसकी जान चली गई। वह होमगार्ड था।
बताया जाता है कि कुछ दिनों से पूजा बीमार रहती थी। रविवार को उसके पति पैसे की जुगत में किसी रिश्तेदार के पास गया था। घर पर पूजा और उसकी 86 वर्षीय साल राधा देवी थी। बताया गया कि खाने बनाने के क्रम में वह गंभीर रूप से झुलस गई। इसकी सूचना ग्रामीणों ने विकास साहा को मोबाइल पर दी। खबर मिलते ही वह विचलित हो गया। पाकुड़ से बरहडवा आने के क्रम में बरहड़वा रेलवे फाटक के निकट ट्रेन से गिर गया और उसकी भी मौत हो गई। पुलिस सूत्रों की मानें तो रामपुरहाट-बरहड़वा पैसेंजर ट्रेन से विकास गिरा था। जीआरपी थाना प्रभारी अर्जुन तिवारी ने उसकी जेब से मिले आधारकार्ड, एटीएम कार्ड, मोबाइल, पैसा व बाइक की चाबी बरामद की। आधारकार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। रांगा थाना प्रभारी ब्रह्मदेव चौधरी ने कहा कि इस मामले में यूडी केस दर्ज किया गया। कहा कि महिला कैसे जली इसकी छानबीन की जा रही है।
बार-बार बेहोश हो जा रही थी विधवा मां : मृत विकास की मां शव को देखते ही बार-बार बेहोश हो रही थी। यह बुजर्ग महिला ग्रामीणों के साथ बरहड़वा रेलवे स्टेशन पर पुत्र-बहू के अंतिम दर्शन को पहुंची थी। विकास होमगार्ड में कार्यरत था। उसकी पोस्टिंग रांगा में ही थी। उसकी शादी एक साल पहले ही हुई थी। मां की देखभाल की भी जिम्मेदारी भी उसी पर थी। मृतक का भाई दीपक साहा दिल्ली में किसी प्राइवेट कंपनी में ही कई वर्षों से रह रहा है। ग्रामीणों ने ही दोनों का अंतिम संस्कार किया।