ट्रैक्टर से दबकर मजदूर की मौत
संवाद सहयोगी पतना (साहिबगंज) रांगा थाना क्षेत्र के घटियारी के समीप रविवार की सुबह सात बजे
संवाद सहयोगी पतना (साहिबगंज) : रांगा थाना क्षेत्र के घटियारी के समीप रविवार की सुबह सात बजे के आसपास ट्रैक्टर से दबकर 35 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। वह मिर्जापुर के भट्ठा से ईंट लाने ट्रैक्टर पर सवार होकर जा रहा था। खबर मिलते ही पुलिस गांव पहुंची, लेकिन मुआवजा मिलने तक शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए स्वजन तैयार नहीं थे।
कोड़ाडीह के यादव टोला के 35 वर्षीय किशन यादव गांव के ही ट्रैक्टर में मजदूरी करता था। किशन रविवार सुबह सात बजे अपने घर से काम पर निकला था। ट्रैक्टर से कोड़ाडीह से बरहड़वा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के भट्ठा से ईंट लाने जा रहा था। इसी दौरान रांगा थाना क्षेत्र के बरहेट -बरहड़वा मुख्य पथ पर स्थित घटियारी के समीप तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर का चक्का बड़ा पत्थर पर चढ़ गया। इससे ट्रैक्टर उछल गया और किशन यादव ट्रैक्टर से नीचे सड़क पर गिर गया। साथ ही ट्रैक्टर के पहिया की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गया। आनन फानन में उसे बरहेट अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में किशन ने दम तोड़ दिया। किशन यादव की मौत के बाद चालक ट्रैक्टर और शव को लेकर कोड़ाडीह चला गया। किशन का शव पहुंचते ही उसकी पत्नी हेमंती देवी और स्वजन रोने बिलखने लगे। माहौल गमगीन हो गया।
इधर, खबर मिलते ही रांगा थाना के एएसआइ हरेराम सिंह दल बल के साथ मृतक के घर कोड़ाडीह पहुंचे। स्वजन और पत्नी से पूछताछ की। मामले की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए कहा तो स्वजनों ने कहा कि जबतक मुआवजा का फैसला नहीं हो जाता। तबतक यहां से शव नहीं उठेगा। मामले में समझौता को लेकर मृतक के स्वजन, ट्रैक्टर मालिक और ग्रामीणों के बीच समझौता चल रहा है। इस संबंध में रांगा थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने कहा कि स्वजन शव को पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। शिकायत भी नहीं की है। पुलिस प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक गांव में फैसला चल रहा है. .
अब किसके सहारे जिएंगे
संस, पतना (साहिबगंज): रविवार सुबह रांगा थाना क्षेत्र के कोडाडीह के ट्रैक्टर मजदूर की मौत बरहड़वा बरहेट रोड पर घटियारी के पास होने के बाद स्वजनों का विलाप थमने नाम नहीं ने रहा है। पत्नी हेमंती देवी रोते रोते कह रही थी मेरा छोटा- छोटा तीन बच्चा है। अब किसके सहारे इसका लालन पालन होगा। किशन अपने पीछे सात वर्षीय लड़का मनीष कुमार, दो वर्ष की बेटी उषा कुमारी, एक वर्षीय बेटा अनिश कुमार को छोड़ गया है। छोटे मासूम बच्चों को रोते देख वहां पहूंचे सभी लोग अपने आंसू नहीं रोक नहीं पा रहे हैं। पत्नी ने कहा कि नहीं पता था कि पति को काल खा जाएगा। पूरा परिवार अनाथ हो गया। जिदगी पहाड़ बन गई है।