असंगठित मजदूरों को जागरूक करने को निकला रथ
असंगठित मजदूरों को ई श्रम पोर्टल पर निबंधन करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट से रथ निकाला गया।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : असंगठित मजदूरों को ई श्रम पोर्टल पर निबंधन करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट से रथ निकाला गया। उपायुक्त राम निवास यादव ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह श्रथ जिले के सभी प्रखंडों में घूमकर असंगठित मजदूरों का ई-श्रम पोर्टल में निबंधन कराने के लिए उन्हें जागरूक करेगा।
उपायुक्त ने कहा कि ई-श्रम कार्ड देशभर में मान्य है। आपदा की स्थिति में सहायता राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से श्रमिकों के बैंक खाते में हस्तांतरित होगी। उन्होंने कहा कि ई-श्रम पोर्टल के माध्यम से प्रज्ञा केंद्रों में असंगठित मजदूरों का निश्शुल्क निबंधन का प्रावधान है। इसके अलावा ई-श्रम पोर्टल के माध्यम से अपने मोबाइल से भी निबंधन कराया जा सकता है। निबंधन के समय असंगठित कामगार और नामिनी का आधार संख्या के साथ मजदूर का बैंक खाता, मोबाइल नंबर होना जरूरी है। उपायुक्त ने कहा कि निबंधन के लिए ईएसआइ, पीएफ का सदस्य नहीं हो और उनकी उम्र 16-59 वर्ष के बीच हो। असंगठित क्षेत्र के श्रमिक हों और आयकरदाता नहीं हो। इस दौरान उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बरदियार, श्रमाधीक्षक रंजीत कुमार, सीएससी मैनेजर श्रुति गुप्ता आदि उपस्थित थे।